जबलपुर में चेक पॉइंट पर टीआई और हवलदार में मारपीट, दांत टूटने और चोट लगने की शिकायत करने वाला कांस्टेबल सस्पेंड

जबलपुर। शहपुरा में ऑयल डिपो के पास रविवार देर रात पुलिस चेक पॉइंट पर टीआई प्रवीण धुर्वे और हवलदार लखन निशाद के बीच विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर हवलदार ने टीआई पर मारपीट करने का आरोप लगाया। वहीं, टीआई ने हवलदार पर सार्वजनिक रूप से अभद्रता और अनुशासनहीनता करने की शिकायत की है। मामले में एसपी संपत उपाध्याय ने हवलदार को निलंबित कर दिया है। जांच की जिम्मेदारी एसडीओपी आशुतोष द्विवेदी को सौंपी गई है।
ट्रक चालक को नंबर देने के बाद बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, हवलदार लखन निशाद की ड्यूटी शहपुरा ऑयल डिपो के पास चेक पॉइंट पर थी। नो-एंट्री के कारण वह ट्रकों को रोक रहा था। इसी दौरान पूजन सामग्री से भरे एक ट्रक के चालक ने आगे जाने के लिए अधिकारियों का मोबाइल नंबर मांगा। बार-बार आग्रह करने पर हवलदार ने उसे टीआई प्रवीण धुर्वे का नंबर दे दिया। ट्रक चालक ने टीआई को फोन कर ट्रक निकालने की अनुमति मांगी। इस पर टीआई ने नंबर मिलने के बारे में पूछा। चालक ने बताया कि उसे नंबर हवलदार से मिला है।
ये भी पढ़ें: जबलपुर की पारले बिस्किट फैक्ट्री में भीषण आग, दमकल की 20 गाड़ियां और 20 टैंकर मौके पर
मारपीट में दांत टूटने का आरोप
आरोप है कि कुछ देर बाद टीआई सरकारी वाहन से चेक पॉइंट पहुंचे। हवलदार लखन से पूछा, तो दोनों ने कहासुनी हो गई। लखन का आरोप है कि वहां टीआई ने उसके साथ मारपीट की। उसने दावा किया कि हमले में उसका होंठ फट गया, एक दांत टूट गया और आंख के पास चोट आई। बाएं हाथ में भी चोट की शिकायत की गई है। घटना के बाद हवलदार उपचार के लिए शहपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा, जहां से उसे मेडिकल के लिए रेफर किया गया।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
टीआई ने हवलदार पर अभद्रता और अनुशासनहीनता का आरोप लगाया है। फिलहाल हवलदार को निलंबित किया गया है। एसडीओपी की जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: जबलपुर ब्लास्ट केस के आरोपी शमीम कबाड़ी को हाईकोर्ट से राहत, गिरफ्तारी के बाद 4 दिन की पुलिस रिमांड
मामले की जांच एसडीओपी को सौंपी
एएसपी अंजना तिवारी ने बताया कि मामले की जांच एसडीओपी को साैंपी गई है। टीआई की शिकायत पर हवलदार को अनुशानहीनता करने पर निलंबित कर दिया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




















