झोले में लेकर घूम रहा था नशे का सामान, पुलिस ने दबोचा तो हुआ खुलासा, किया गिरफ्तार

हरदा में पुलिस को एक ऐसी सूचना मिली, जिसके बाद टीम ने सड़क किनारे घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, युवक प्लास्टिक के झोले में ऐसा सामान लेकर घूम रहा था, जिसे वह कथित तौर पर फुटकर में बेचने की तैयारी में था। तलाशी हुई तो उसके पास से डोडा चूरा, भुक्की, मोबाइल और नकदी बरामद हुई। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस
मामला हंडिया थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंदौर रोड स्थित तलाई टप्पर निवासी संतोष उर्फ राकेश भिलाला अवैध मादक पदार्थ लेकर घूम रहा है और उसे फुटकर में बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई की और कोलीपुरा-भवरतलाब रोड पर नीम के पेड़ के पास आरोपी को देखा। पुलिस को देखते ही उसने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी में मिला डोडा चूरा और भुक्की
पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से डोडा चूरा और भुक्की बरामद हुई। एनडीपीएस एक्ट की कार्रवाई के तहत स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में दोनों मादक पदार्थों का वजन कराया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से 1 किलो 800 ग्राम डोडा चूरा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 18 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा 984 ग्राम भुक्की बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपए आंकी गई है।
ये भी पढ़ें: 3567 शिक्षकों को नियुक्ति, योगी बोले- जॉइनिंग में अड़चन डाली तो खैर नहीं..!
मोबाइल और नकदी भी जब्त
मादक पदार्थों के अलावा पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन और 1,220 रुपए नकद भी जब्त किए। पुलिस के अनुसार, जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपए है।
एनडीपीएस एक्ट में केस, जेल भेजा
कार्रवाई के बाद पुलिस आरोपी संतोष भिलाला को थाने लेकर पहुंची। उसके खिलाफ धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।



















