बिजली उपभोक्ताओं को फिर लगा झटका; फ्यूल एडजस्टमेंट सरचार्ज बढ़ा, 4 पैसे प्रति यूनिट महंगी होगी बिजली

भोपाल। प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं पर एक बार फिर फ्यूल एवं पाॅवर परचेज एडजस्टमेंट सरचार्ज (एफपीपीएएस) का बोझ बढ़ गया है। मध्यप्रदेश पाॅवर मैनेजमेंट कंपनी ने 24 सितंबर 2026 से एक माह के लिए इस सरचार्ज की दर 4.59 फीसदी से बढ़ाकर 5.06 फीसदी कर दी है। इससे बिजली की प्रति यूनिट लागत में करीब 4 पैसे का अतिरिक्त भार पड़ने का अनुमान है।
घरेलू उपभोक्ताओं के बिल में भी जुड़ेगा सरचार्ज
यह सरचार्ज ऊर्जा शुल्क पर लागू होता है और घरेलू समेत अन्य श्रेणी के उपभोक्ताओं के बिल में जोड़ा जाता है। एफपीपीएएस बिजली खरीद और ईंधन की वास्तविक लागत में होने वाले बदलाव की भरपाई के लिए हर महीने समायोजित किया जाता है।
ये भी पढ़ें: एमपी में बिजली उपभोक्ताओं को झटका! FCPPA सरचार्ज बढ़ा, 2 करोड़ से ज्यादा यूजर्स पर पड़ेगा असर
मासिक आधार पर होती है गणना
मध्यप्रदेश विद्युत नियामक आयोग के नियमों के अनुसार इसकी गणना मासिक आधार पर की जाती है और सकारात्मक अथवा नकारात्मक सरचार्ज उपभोक्ताओं के बिल में समायोजित किया जाता है। आयोग ने वितरण कंपनियों को एफपीपीएएस की गणना और वसूली का विवरण सार्वजनिक करने तथा बिल में इसे अलग से दर्शाने के निर्देश दिए हैं।
इस साल कब-कब बढ़ा सरचार्ज
- 24 अगस्त 4.59 प्रतिशत
- 24 जुलाई 3.77 प्रतिशत
- 24 जून 1.11 प्रतिशत
- 24 मई 3.91 प्रतिशत
- 24 अप्रैल 5.36 प्रतिशत
( स्रोत: मप्र पाॅवर मैनेजमेंट कंपनी)
ये भी पढ़ें: बिजली उपभोक्ताओं और किसानों को मिलेगा लाभ, शिवराज कैबिनेट की बैठक में इन प्रस्तावों पर लगी मुहर




















