
नई दिल्ली। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सौजन्य भेंट की। इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और भावी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री को मध्यप्रदेश के आगामी महत्वपूर्ण आयोजनों में सम्मिलित होने का आमंत्रण भी दिया। सीएम ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि वे अक्टूबर में भोपाल मेट्रो के उद्घाटन और सीहोर में होने वाले कृषि मेले में शामिल हों।
जल गंगा संवर्धन अभियान शामिल होने का आग्रह
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश में 30 मार्च से जल संरक्षण और नदी पुनर्जीवन के उद्देश्य से ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ चलाया जा रहा है, जिसका समापन 30 जून को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री को इस अभियान के समापन समारोह में वर्चुअल माध्यम से आशीर्वचन देने का आग्रह किया गया है।
अक्टूबर में सीहोर में होगा कृषि मेला
सीएम डॉ. मोहन यादव ने बताया कि आगामी 12 से 14 अक्टूबर के बीच सीहोर जिले में कृषि पर केंद्रित एक भव्य और ऐतिहासिक आयोजन किया जाएगा। इस कृषि मेले का उद्देश्य किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ना और कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देना है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को इस आयोजन में उपस्थित होने का निमंत्रण दिया।
भोपाल मेट्रो का उद्घाटन अक्टूबर तक
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को अवगत कराया कि भोपाल शहर में मेट्रो ट्रेन का कार्य अंतिम चरण में है और यह अक्टूबर 2025 तक पूरी तरह से शुरू हो जाएगा। इस ऐतिहासिक प्रोजेक्ट के लोकार्पण के लिए भी प्रधानमंत्री को आमंत्रित किया गया है।
उज्जैन में जनवरी 2026 में होगा वैश्विक सम्मेलन
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि उज्जैन के निकट डोंगला क्षेत्र में ऑब्जर्वेटरी की स्थापना की गई है, जो समय गणना के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। जनवरी 2026 में यहां एक वैश्विक स्तर का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सम्राट विक्रमादित्य के ऐतिहासिक योगदान को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाना चाहिए, इसके लिए भारत सरकार से अनुरोध किया गया है।
पदोन्नति मामलों का समाधान
सीएम ने बताया कि प्रदेश सरकार ने पिछले 9 वर्षों से लंबित कर्मचारियों और अधिकारियों की पदोन्नति के मामलों का समाधान कर लिया है। इससे लगभग 2 लाख नवीन पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। उन्होंने कहा कि राज्य में लोकार्पण और भूमिपूजन के अनेक कार्यक्रम आगामी समय में आयोजित किए जाएंगे, जिससे प्रदेश के विकास को गति मिलेगी।
नक्सलवाद के खिलाफ सरकार सख्त
मुख्यमंत्री ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को लेकर भी अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार 2026 तक प्रदेश से नक्सल गतिविधियों पर पूरी तरह से नियंत्रण पाने के लिए प्रतिबद्ध है। पिछले डेढ़ वर्षों में 10 से अधिक नक्सलियों का खात्मा किया गया है, जिन पर कुल 1 करोड़ 62 लाख रुपए के इनाम घोषित थे।