भोपाल में आज से 10 और ई-बसें शुरू, इन 3 रूट पर दौड़ेंगी नई इलेक्ट्रिक बसें, किन इलाकों को होगा फायदा?

भोपाल में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। मंगलवार से राजधानी की सड़कों पर 10 नई इलेक्ट्रिक बसें चलना शुरू होंगी। इसके बाद शहर में ई-बसों की कुल संख्या बढ़कर 20 हो जाएगी। नई बसों के शुरू होने से बैरागढ़, कोलार रोड और बावड़ियाकलां जैसे इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। खास बात यह है कि सभी ई-बस रूट MP नगर से होकर गुजरेंगे। इससे नौकरी करने वाले लोगों, स्कूल-कॉलेज के छात्रों और रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
10 नई बसों के साथ दोगुना होगी ई-बसों की संख्या
भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड यानी BCLL शहर में ई-बसों का संचालन करता है। अभी राजधानी में 10 इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं। इन बसों में रोजाना औसतन करीब 4,500 यात्री सफर कर रहे हैं। अब 10 और बसें जुड़ने के बाद कुल 20 ई-बसें सड़कों पर दौड़ेंगी। अनुमान है कि इसके बाद हर दिन करीब 10 से 12 हजार यात्री इन बसों का इस्तेमाल कर सकेंगे। इन बसों में स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राओं और कामकाजी महिलाओं की संख्या भी काफी है। ऐसे में बसों की संख्या बढ़ने से यात्रियों को बस के लिए ज्यादा देर इंतजार नहीं करना पड़ेगा और रोज के सफर में राहत मिलेगी।
भोपाल में 18 अगस्त से 3500 टैक्सियां हड़ताल पर, सरकार को दी चेतावनी, अखिर क्या है ड्राइवरों की मांग
शहर के कई बड़े इलाकों को जोड़ रहे ई-बस रूट
भोपाल में फिलहाल ई-बसों के तीन प्रमुख रूट हैं। इन रूट के जरिए शहर के अलग-अलग हिस्सों को आपस में जोड़ा जा रहा है। इनमें बैरागढ़, लालघाटी, कोहेफिजा, पीर गेट, न्यू मार्केट, एमपी नगर, अशोका गार्डन, सुभाषनगर, बावड़ियाकलां, रोहित नगर, सलैया और कोलार रोड जैसे प्रमुख इलाके शामिल हैं। ई-बसों का किराया भी आम यात्रियों की पहुंच में रखा गया है। अलग-अलग दूरी के हिसाब से न्यूनतम किराया करीब 6 से 7 रुपये है, जबकि अधिकतम किराया 40 रुपये तक है।
B35 रूट: बैरागढ़ से सलैया तक चलेगी बस
B35 रूट पर चलने वाली ई-बस चिरायु अस्पताल, बैरागढ़ से आकृति ईको सिटी, सलैया तक जाएगी। यह बस बैरागढ़ मार्केट से शुरू होकर लालघाटी, कलेक्ट्रेट, हमीदिया अस्पताल, रॉयल मार्केट और पीर गेट जैसे इलाकों से गुजरेगी। इसके बाद कमला पार्क, पॉलिटेक्निक चौराहा, रंगमहल चौराहा और रोशनपुरा होते हुए लिंक रोड नंबर-1 तक पहुंचेगी। रूट में प्रकाश तरण पुष्कर, रेडक्रॉस अस्पताल, बोर्ड ऑफिस और एमपी नगर मेट्रो स्टेशन भी शामिल हैं। इसके आगे बस भाजपा कार्यालय, विट्ठन मार्केट, 1100 क्वार्टर, 12 नंबर बस स्टॉप और ईश्वर नगर से होते हुए तिलक नगर, रोहित नगर और बावड़िया चौराहा पहुंचेगी। इसके बाद बस आकृति ईको सिटी होते हुए सलैया तक जाएगी। इस रूट से पुराने शहर और नए शहर के कई महत्वपूर्ण इलाकों के बीच सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।
B36 रूट: कोच फैक्ट्री से कोलार रोड तक सफर
B36 रूट की ई-बस कोच फैक्ट्री से कोलार रोड तक चलेगी। इस रूट से रेलवे स्टेशन, अशोका गार्डन, एमपी नगर और कोलार क्षेत्र के यात्रियों को फायदा मिलेगा। बस द्वारका नगर और कोच फैक्ट्री से होते हुए भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1, पुष्पा नगर और अशोका गार्डन पहुंचेगी। इसके बाद प्रभात पेट्रोल पंप चौराहा, ओल्ड सुभाष नगर, शांति निकेतन और चेतक ब्रिज तिराहा आएगा। यह बस बोर्ड ऑफिस चौराहा मेट्रो स्टेशन और एमपी नगर मेट्रो स्टेशन से भी होकर गुजरेगी। आगे भाजपा कार्यालय, सुभाष स्कूल, विट्ठन मार्केट और 1100 क्वार्टर के रास्ते मनीषा मार्केट पहुंचेगी। इसके बाद यात्रियों को बंसल अस्पताल, चूनाभट्टी चौराहा, मंदाकिनी चौराहा, नयापुरा और ललिता नगर होते हुए गेहूंखेड़ा और बैरागढ़ चिचली तक कनेक्टिविटी मिलेगी। अंतिम पड़ाव कोलार रोड होगा।
'Radio Ki Asli Soorma', भोपाल की सुबह अब होगी और दमदार, 93.5 RED FM पर RJ Pihu की हुई वापसी
B37 रूट: बैरागढ़ से ISBT तक सीधी कनेक्टिविटी
B37 रूट की ई-बस बैरागढ़ ई-बस डिपो से ISBT तक चलेगी। यह रूट भी शहर के कई महत्वपूर्ण स्थानों को जोड़ता है। बस बैरागढ़ ई-बस डिपो से बैरागढ़ मार्केट और लालघाटी होते हुए कलेक्ट्रेट, हमीदिया अस्पताल और रॉयल मार्केट पहुंचेगी। इसके बाद एलबीएस अस्पताल, शाहजहांनाबाद और भोपाल टॉकीज से होकर नादरा बस स्टैंड जाएगी। रूट में रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर-6, भारत टॉकीज, लेडी अस्पताल और जहांगीराबाद जैसे प्रमुख स्थान शामिल हैं। इसके बाद बस पीएचक्यू, मालवीय नगर, मिंटो हॉल और बिड़ला मंदिर से होकर आगे बढ़ेगी। बस वल्लभ भवन, विंध्याचल, जिला न्यायालय और डीबी मॉल जैसे महत्वपूर्ण स्थानों से गुजरते हुए चेतक ब्रिज पहुंचेगी। यहां से बस सीधे ISBT तक जाएगी।
यात्रियों को क्या फायदा होगा?
10 नई ई-बसों के शुरू होने से सबसे बड़ा फायदा रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को मिलेगा। बसों की संख्या बढ़ने से ज्यादा यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। एमपी नगर से होकर सभी रूट गुजरने के कारण शहर के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले यात्रियों के लिए कनेक्टिविटी और आसान होगी। खासकर छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और कामकाजी महिलाओं के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित हो सकती है। भोपाल में ई-बसों की संख्या बढ़ना शहर के पब्लिक ट्रांसपोर्ट नेटवर्क के विस्तार की दिशा में अहम कदम है। आने वाले समय में इन बसों की संख्या और बढ़ने से शहर में सस्ता, सुविधाजनक और पर्यावरण के लिहाज से बेहतर परिवहन विकल्प मजबूत हो सकता है।











