Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल में 18 अगस्त से 3500 टैक्सियां हड़ताल पर, सरकार को दी चेतावनी, अखिर क्या है ड्राइवरों की मांग

भोपाल में 18 अगस्त से करीब 3500 टैक्सियां हड़ताल पर रहेंगी। टैक्सी चालक संघ ने एग्रीगेटर कंपनियों की कथित मनमानी, बढ़ते खर्च और उचित किराया तय नहीं होने के विरोध में यह फैसला लिया है। 19 अगस्त को बोर्ड ऑफिस चौराहे पर धरना होगा। मांगें नहीं मानी गईं तो टैक्सी चालकों ने अनिश्चितकालीन बंद की चेतावनी दी है।
भोपाल में 18 अगस्त से 3500 टैक्सियां हड़ताल पर, सरकार को दी चेतावनी, अखिर क्या है ड्राइवरों की मांग
भोपाल में 18 अगस्त से करीब 3500 टैक्सियां हड़ताल पर रहेंगी।

भोपाल में टैक्सी से सफर करने वालों के लिए बड़ी खबर है। 18 अगस्त से शहर में करीब 3500 टैक्सियां हड़ताल पर जाने वाली हैं। भोपाल टैक्सी चालक संघ और टैक्सी यूनियन कल्याण समिति संयुक्त मोर्चा ने सोमवार रात 12 बजे से हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया है। टैक्सी चालकों का कहना है कि एग्रीगेटर कंपनियों की कथित मनमानी, लगातार बढ़ते खर्च और उनकी मांगों पर प्रशासन की ओर से कार्रवाई नहीं होने के कारण वे आर्थिक परेशानी से जूझ रहे हैं।

क्यों हड़ताल कर रहे हैं टैक्सी ड्राइवर?

संयुक्त मोर्चे की सबसे बड़ी मांग है कि सरकार टैक्सियों का किराया तय करे। ड्राइवरों का कहना है कि मौजूदा किराए में ईंधन, गाड़ी की किस्त, बीमा, सर्विसिंग और परिवार का खर्च निकालना मुश्किल हो गया है। भोपाल टैक्सी चालक संघ के महामंत्री राजेश कुमार नागले ने कहा कि सिर्फ 20 या 30 प्रतिशत किराया बढ़ाने से समस्या हल नहीं होगी। उनके मुताबिक, ड्राइवरों की पूरी लागत को ध्यान में रखकर किराया तय होना चाहिए।

/img/404/1786974503286

ये भी पढ़ें: फर्जी FX Trade ऐप का जाल: सीहोर में 20 लाख की ठगी, तीन गिरफ्तार, कई राज्यों तक फैले नेटवर्क का खुलासा

2014 वाली किराया व्यवस्था वापस लाने की मांग

टैक्सी चालकों का कहना है कि 2014 में एग्रीगेटर कंपनियों की किराया व्यवस्था अलग थी। उस समय बेस फेयर के साथ टाइम चार्ज और प्रति किलोमीटर के हिसाब से भी भुगतान मिलता था। ड्राइवरों के मुताबिक, अब ज्यादातर मामलों में सिर्फ तय दूरी के आधार पर भुगतान किया जाता है। इससे बढ़ते ईंधन, मेंटेनेंस, बीमा और दूसरी लागत निकालना मुश्किल हो रहा है। संघ की मांग है कि पुरानी व्यवस्था को दोबारा लागू किया जाए, ताकि ड्राइवरों को उनकी मेहनत और खर्च के हिसाब से उचित कमाई हो सके।

19 अगस्त को बोर्ड ऑफिस चौराहे पर धरना

टैक्सी चालक हड़ताल के बाद 19 अगस्त को बोर्ड ऑफिस चौराहे पर धरना-प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। संयुक्त मोर्चे का कहना है कि हड़ताल और धरना शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: Durg Bhilai: लोट्टे चोको पाई के एक बैच पर बैन, बच्चों की पसंदीदा बिस्किट पर खाद्य विभाग सख्त

मांग नहीं मानी तो अनिश्चितकालीन बंद की चेतावनी

टैक्सी यूनियन ने साफ कर दिया है कि अगर सरकार और एग्रीगेटर कंपनियों ने जल्द उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो आंदोलन और लंबा हो सकता है। मोर्चे ने अनिश्चितकालीन बंद की चेतावनी दी है। संगठन का कहना है कि जब तक टैक्सी चालकों के लिए उचित किराया तय नहीं होता और एग्रीगेटर कंपनियों की कथित मनमानी पर रोक नहीं लगती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। ऐसे में 18 अगस्त से शुरू होने वाली हड़ताल का सीधा असर भोपाल में टैक्सी से सफर करने वाले लोगों पर पड़ सकता है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...Read More

Latest Posts