मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री बस कुछ कदम दूर :1-2 दिन में दस्तक के आसार; कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

भोपाल। मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून का इंतजार अब खत्म होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक से दो दिनों में मानसून प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। इसकी एंट्री बालाघाट, सिवनी और मंडला जिले के रास्ते होने की संभावना है। मानसूनी बादल पहले ही पड़ोसी राज्यों छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों को कवर कर चुके हैं और अब तेजी से मध्य प्रदेश की ओर बढ़ रहे हैं।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियां मानसून की प्रगति के लिए अनुकूल हैं। ऐसे में प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में सबसे पहले मानसून पहुंच सकता है।
प्रदेश में प्री- मानसून बारिश जारी
मानसून की दस्तक से पहले ही प्रदेश के कई जिलों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। राजधानी भोपाल समेत कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है।
भोपाल में मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटों में करीब 19.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है और मौसम सुहावना बना हुआ है।
यह भी पढ़ें: Bhopal Metro: भोपाल मेट्रो को मिलेगी नई रफ्तार, दो दिन बंद रहेगा संचालन, सिग्नलिंग सिस्टम की होगी जांच
भोपाल में भी बारिश और तेज हवाओं के आसार
मौसम विभाग ने बुधवार को भोपाल में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी संभावना है। भोपाल में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हवा की रफ्तार करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
इन जिलों में आंधी- बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इनमें भोपाल, सीहोर, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, सागर, जबलपुर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर, इंदौर, देवास, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, गुना, अशोकनगर, रीवा, सतना, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया और अनुपपुर शामिल हैं।
डिंडौरी सहित कई जिलों में बारिश की चेतावनी
इसके अलावा डिंडौरी, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर, पांढुर्णा, सीधी और नरसिंहपुर जिलों में भी तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है। मानसून की औपचारिक एंट्री के साथ ही प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।











