पांढुर्णा में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने स्टूडेंट्स को दी स्कूटी, कैंप में ली योजनाओं की जानकारी, महिला समूहों को सराहा

पांढुर्णा।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को पांढुर्णा में ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ शिविर में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों और महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार हस्तशिल्प की सराहना की और इनके बेहतर प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने वन मंडल सामान्य के स्टॉल पर आयुर्वेदिक एवं औषधीय उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय वन एवं औषधीय संसाधनों से तैयार उत्पादों के प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। ऊर्जा विभाग और ऊर्जा विकास निगम के स्टॉल पर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन की जानकारी भी ली।
मेधावी विद्यार्थियों को दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित की। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोरडोंगरी की छात्रा श्वेता साबले, विद्यार्थी दीपांशु पराड़कर और सांदीपनी स्कूल की छात्रा दिव्या करबे को स्कूटी प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देने वाली योजनाएं उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए प्रेरित करती हैं।
महिला समूहों के हस्तशिल्प और प्राकृतिक खेती के उत्पाद देखे
मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के स्टॉल पर महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार लिप्पन आर्ट, मोजेक आर्ट और टी-लाइट क्राफ्ट सहित अन्य हस्तशिल्प उत्पाद देखे। उन्होंने महिलाओं के हुनर की सराहना की। महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर उन्होंने पौष्टिक व्यंजनों की जानकारी ली। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के स्टॉल पर प्राकृतिक खेती से तैयार सब्जियां, अनाज और हल्दी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और उनके प्रचार-प्रसार पर जोर दिया।
ये भी पढ़ें: MP में मेधावी छात्रों को बड़ा तोहफा! CM डॉ. मोहन यादव ने बांटी स्कूटी, 7,400 से ज्यादा छात्रों को मिली सौगात
हितग्राहियों को ड्रिप इरिगेशन, पेंशन सहित कई योजनाओं का लाभ
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। खेड़ीकला के तुषार सुभाष काकड़े को ड्रिप इरिगेशन के लिए एक लाख रुपए का अनुदान और भंदारगोंदी निवासी मोहन हिवसे को औजार अनुदान योजना का लाभ दिया गया। पूनम दुधकवरे, अश्विनी राजू सावकर, वैशाली हेमंत सौदागर, हर्षला वानखेड़े और किशोर दुधकवरे को प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना का लाभ दिया गया। रमेश कोहले और सुरेश वघाले को वृद्धावस्था पेंशन की स्वीकृति तथा मनीषा बारंगे को दिव्यांग पेंशन योजना का लाभ मिला। कुरेशा बी को श्रवण यंत्र, योगिता तायवाडे को व्हीलचेयर एवं ब्रेल किट प्रदान की गई। ओम प्रकाश मानकर और अशोक शहगल को प्रधानमंत्री आवास योजना-2.0 का लाभ मिला। मंदा वानखड़े, पूजा योगेश, अपूर्वा ठोमेरे और तरुण ठोमेरे को खाद्यान्न पात्रता पर्ची दी गई। पिपलपानी निवासी विजेश साहेबराव भादे को बीआरसी योजना के तहत बायो रिसोर्स सेंटर का लाभ तथा पार्वती तिवारी और मनोहर धारपुरे को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।
वृद्धजनों का सम्मान, बच्चों से संवाद
कार्यक्रम में ‘हमारे वृद्ध, हमारा स्वाभिमान’ और ‘हमारे बच्चे, हमारा स्वाभिमान’ थीम के तहत मुख्यमंत्री ने वृद्धजनों का शॉल और श्रीफल से सम्मान किया। उन्होंने उन्हें फलों की टोकरी भेंट की और आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना के बच्चों से भी मुख्यमंत्री ने मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को ड्राइंग किट, मिठाई और चॉकलेट वितरित की। कार्यक्रम में सांसद विवेक बंटी साहू, संदीप मोहोड़, पूर्व मंत्री नाना भाऊ मोहोड़, वैशाली महाले, उज्जवल ठाकुर, संतोष जैन और संदीप रघुवंशी सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: MP में 351 सरकारी बसों की वापसी, नितिन गडकरी ने दिखाई हरी झंडी, भोपाल, इंदौर समेत 7 शहरों में चलेंगी बसें




















