Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मेक्सिको के सुपरमार्केट में विस्फोट :आग लगने से 23 लोगों की मौत, 'डे ऑफ द डेड' बना डे ऑफ डिजास्टर

Follow on Google News
आग लगने से 23 लोगों की मौत, 'डे ऑफ द डेड' बना डे ऑफ डिजास्टर
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    मेक्सिको सिटी। मेक्सिको के सोनारा राज्य के हर्मोसिलो शहर में एक बड़ा हादसा हुआ। शहर के वाल्डो सुपरमार्केट में हुए भीषण विस्फोट के बाद लगी आग ने चारों ओर तबाही मचा दी। इस हादसे में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई, जिनमें कई बच्चे भी शामिल हैं। वहीं 11 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज शहर के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।

    यह दर्दनाक घटना उस समय हुई जब पूरा देश पारंपरिक ‘डे ऑफ द डेड’ उत्सव मना रहा था। एक ऐसा त्योहार जब लोग अपने दिवंगत परिजनों को याद करते हैं। लेकिन हर्मोसिलो में यह दिन खुशी नहीं, बल्कि मातम लेकर आया।

    कैसे हुआ धमाका

    जानकारी के मुताबिक, यह विस्फोट स्थानीय समयानुसार शनिवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ। चश्मदीदों ने बताया कि, पहले एक जोरदार धमाका हुआ और फिर धुआं पूरे स्टोर में फैल गया। आसपास की दुकानों के लोगों ने आग फैलने के डर से तुरंत अपनी दुकानें बंद कर दीं और सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।

    दमकल विभाग और रेड क्रॉस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। 40 से ज्यादा रेस्क्यू कर्मियों और 10 एम्बुलेंसों ने राहत कार्य शुरू किया। कई घायलों को मौके से अस्पताल ले जाया गया। बाद में अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन मलबे में फंसे लोगों की तलाश देर रात तक जारी रही।

    Uploaded media

    क्या थी विस्फोट के पीछे की वजह

    स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रारंभिक जांच में इलेक्ट्रिकल फॉल्ट को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि, स्टोर के अंदर लगे इलेक्ट्रिक ट्रांसफॉर्मर में खराबी आने के बाद विस्फोट हुआ। जिसकी वजह से आग लग गई। हालांकि, शहर के दमकल प्रमुख ने कहा कि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वास्तव में विस्फोट हुआ भी था या नहीं।

    सोनारा के अटॉर्नी जनरल गुस्तावो सालास ने बताया कि, अधिकांश मौतें जहरीली गैसें सांस में जाने से हुईं, क्योंकि आग लगने के बाद धुआं तेजी से पूरे स्टोर में फैल गया था।

    राज्यपाल ने दिए जांच के आदेश

    सोनारा के गवर्नर अल्फोंसो दुराजो ने इस घटना को बेहद दुखद और असहनीय बताया। उन्होंने कहा कि, मैंने इस हादसे की पारदर्शी और विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं, ताकि यह साफ हो सके कि विस्फोट कैसे हुआ और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।

    उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इसके साथ ही आश्वासन दिया कि, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। दुराजो ने कहा कि, कोई भी इस दर्द को अकेले नहीं झेलेगा। प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है।

    राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने जताया दुख

    मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने एक्स (X) पर पोस्ट कर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि, मेरी संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं जिन्होंने इस भयावह हादसे में अपने प्रियजनों को खोया है। सरकार की राहत टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और सभी जरूरी मदद दी जा रही है। राष्ट्रपति ने गृह सचिव रोजा इसेला रोड्रिगेज को निर्देश दिया है कि, वे राहत टीमों के साथ समन्वय करें और घायलों को हर संभव सहायता दिलाएं।

    Uploaded media

    आतंकी घटना या दुर्घटना?

    सोनारा रेड क्रॉस की टीम ने बताया कि, लगभग 40 सदस्यीय टीम और 10 एम्बुलेंस राहत बचाव कार्य में लगीं। दमकल विभाग ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। रेड क्रॉस ने बताया कि, छह बार एम्बुलेंस राउंड लेकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से कुछ की हालत अब भी गंभीर बताई जा रही है।

    प्रशासन ने कहा है कि यह हादसा किसी आतंकी या हिंसक घटना का परिणाम नहीं था। फॉरेंसिक टीमें मौके पर जांच में जुटी हैं और प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, यह एक दुर्घटना प्रतीत होती है। अधिकारियों ने कहा कि, जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी नए तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts