BSP को लेकर मायावती का बड़ा ऐलान! 3 सेक्टर में बंटी पार्टी, खुद संभाली अहम जिम्मेदारी

बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती ने पार्टी संगठन में बड़ा बदलाव किया है। उन्होंने देशभर में BSP के संगठनात्मक कामकाज को अब तीन सेक्टर में बांटने का ऐलान किया है। मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। उनके मुताबिक, इस नई व्यवस्था का मकसद पार्टी संगठन को मजबूत करना और सर्वसमाज में BSP का जनाधार बढ़ाना है।
10 राज्यों की जिम्मेदारी रामजी गौतम और सुरेश राव को
मायावती के मुताबिक, सेक्टर नंबर-1 में 10 राज्य शामिल किए गए हैं। इन राज्यों में पार्टी के संगठन से जुड़े सभी कामों को BSP के राज्यसभा सांसद रामजी गौतम और सुरेश राव देखेंगे। दोनों को केंद्रीय सेक्टर प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। इस व्यवस्था के तहत दोनों नेता अपने-अपने क्षेत्र में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज और गतिविधियों की निगरानी करेंगे। मायावती ने पार्टी संगठन को मजबूत करने और ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच बनाने के लिए यह नई व्यवस्था लागू की है।
BSP में ईशान आनंद की नई पारी, मायावती ने दी राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी
9 राज्यों का जिम्मा राजाराम और अतर सिंह राव को
वहीं सेक्टर नंबर-2 में 9 राज्य शामिल किए गए हैं। इन राज्यों की जिम्मेदारी पार्टी के पूर्व राज्यसभा सांसद राजाराम और पूर्व विधायक अतर सिंह राव को सौंपी गई है। दोनों नेता केंद्रीय सेक्टर प्रभारी के तौर पर इन राज्यों में BSP के संगठन से जुड़े काम देखेंगे। यानी देश के ज्यादातर राज्यों में पार्टी का काम अब इन दोनों सेक्टरों के जरिए संचालित किया जाएगा।
UP और उत्तराखंड की कमान खुद संभालेंगी मायावती
नई व्यवस्था में सबसे अहम बात यह है कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को सेक्टर नंबर-3 में रखा गया है। इन दोनों राज्यों का काम लखनऊ स्थित BSP के केंद्रीय कैंप कार्यालय, 9 मॉल एवेन्यू से सीधे देखा जाएगा। इसका मतलब है कि इन दोनों राज्यों के संगठन पर मायावती की सीधी नजर रहेगी। मायावती ने कहा है कि सेक्टर नंबर-3 के दोनों राज्यों पर उनकी खुद की पैनी नजर है और जरूरत पड़ने पर वह प्रभावित क्षेत्रों का दौरा भी कर सकती हैं।
बारिश और तूफान से प्रभावित लोगों की मदद की अपील
पार्टी में संगठनात्मक बदलाव की जानकारी देने के साथ ही मायावती ने देश के कई हिस्सों में खराब मौसम और प्राकृतिक आपदा से पैदा हुए हालात पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से देश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश, आंधी और तूफान के कारण लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे हालात में मायावती ने सभी राज्य सरकारों से प्रभावित लोगों की हर संभव मदद करने की अपील की। उनका कहना है कि जिन इलाकों में प्राकृतिक आपदा के कारण लोगों को नुकसान हुआ है, वहां राहत और सहायता का काम जमीन पर दिखाई देना चाहिए।
महाराष्ट्र के किसानों के लिए भी राहत की मांग
मायावती ने महाराष्ट्र के कई इलाकों में सूखे की स्थिति का भी जिक्र किया। उन्होंने राज्य सरकार से किसानों और प्रभावित लोगों को केवल औपचारिक राहत देने के बजाय जमीनी स्तर पर मदद पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों को तत्काल राहत देने के लिए जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए। यानी एक तरफ जहां देश के कई हिस्सों में बारिश और तूफान से परेशानी है, वहीं महाराष्ट्र के कुछ क्षेत्रों में सूखे की मार से लोग परेशान हैं।
मायावती का बड़ा दावा-‘मैं बिल्कुल स्वस्थ हूं, आकाश आनंद फैला रहे बीमारी की अफवाह’
BSP कार्यकर्ता मदद करें
मायावती ने सेक्टर-1 और सेक्टर-2 के चारों केंद्रीय प्रभारियों से भी खास अपील की है। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में भारी बारिश, तूफान या दूसरी प्राकृतिक आपदाओं से जान-माल का बड़ा नुकसान हुआ है, वहां BSP के कार्यकर्ता अपनी क्षमता के अनुसार लोगों की मदद करें। हालांकि, मायावती ने साफ कहा कि राहत के नाम पर अलग से पैसा या चंदा इकट्ठा नहीं किया जाए। उन्होंने इसकी वजह बताते हुए कहा कि राहत के नाम पर कोई गलत फायदा न उठा सके।
जरूरत पड़ी तो ईशान आनंद को भेजेंगी मायावती
मायावती ने यह भी कहा कि अगर किसी राज्य में हालात ज्यादा गंभीर होते हैं तो जरूरत के अनुसार वह BSP के राष्ट्रीय प्रभारी ईशान आनंद को वहां भेज सकती हैं। ईशान आनंद को हाल ही में BSP में अहम जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी के संगठन में उन्हें आगे बढ़ाने का फैसला भी हाल के दिनों में हुआ है।


















