Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मथुरा में बड़ा हादसा : मिट्टी धंसने से कई मकान गिरे, तीन की मौत; मिट्‌टी के टीले पर बने थे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Follow on Google News
मथुरा में बड़ा हादसा : मिट्टी धंसने से कई मकान गिरे, तीन की मौत; मिट्‌टी के टीले पर बने थे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। गोविंद नगर इलाके के माया टीला शाहगंज के पास मिट्टी धंसने से एक साथ छह मकान भरभराकर गिर गए। हादसे के समय लगभग एक दर्जन से ज्यादा लोग मकानों में मौजूद थे। हादसे के बाद पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत नगर निगम, दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गई है।

तीन लोगों की मौत

रेस्क्यू के दौरान अब तक तीन लोगों के शव मलबे से निकाले जा चुके हैं। मृतकों में तोताराम (38 वर्ष), उसकी दो बेटियां यशोदा (6 वर्ष) और काव्या (3 वर्ष) शामिल हैं। इसके अलावा कई लोगों के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका है। प्रशासन का कहना है कि मलबा हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है। प्रशासन को हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल, नगर निगम और प्रशासनिक अफसर मौके पर पहुंचे। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि, घायलों को सुरक्षित निकालने को प्राथमिकता दी गई है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी मौके पर राहत कार्य में लगी हैं।

मिट्टी धंसने से गिरा पूरा टीला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह मकान एक मिट्टी के टीले पर बने हुए थे। सुनील चेन के बाड़े में जेसीबी से खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी खिसक गई। देखते ही देखते ऊपर बने सभी मकान भरभराकर गिर पड़े। हादसे में ज्यादातर मकानों की दीवारें और छत पूरी तरह टूट गईं। कुछ लोग तो इतने अचानक दबे कि भागने तक का समय नहीं मिला।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक तोताराम के पिता बजरंग लाल सैनी ने रोते हुए बताया कि खुदाई के दौरान यह हादसा हुआ। उनका बेटा और दोनों पोतियां मलबे में दब गईं। अस्पताल पहुंचने तक सभी की मौत हो चुकी थी। उन्होंने कहा, “मेरा सब कुछ खत्म हो गया।”

खुदाई में लापरवाही से हुआ हादसा

स्थानीय लोगों और परिजनों के मुताबिक, टीले के नीचे प्लॉटिंग के लिए बुलडोजर से मिट्टी की खुदाई की जा रही थी। लगातार खुदाई से मिट्टी कमजोर हो गई और पूरा टीला बैठ गया। इस काम को करवा रहे छह जमीन पार्टनर्स के नाम भी सामने आए हैं- सुनील चेन, राम अग्रवाल, प्रदीप शर्मा, रीतेश आदि।

कई छोटे बच्चे और महिलाएं अब भी लापता

रेस्क्यू टीम के मुताबिक अभी तक मलबे से तीन लोगों को जिंदा निकाला गया है। कई छोटे-छोटे बच्चे और महिलाएं अब भी मलबे में फंसे हो सकते हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। फिलहाल पुलिस हादसे के जिम्मेदारों की जांच कर रही है। खुदाई में बरती गई लापरवाही को लेकर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है। ये भी पढ़ें- दुनिया में सबसे सेफ हैं ये एयरलाइंस… Safest Low-Cost Airlines की लिस्ट में भारत की ये Airline भी शामिल; देखें लिस्ट
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts