दिल्ली के द्वारका अपार्टमेंट में भीषण अग्निकांड, 2 मासूम बच्चों और पिता ने जान बचाने के लिए लगाई 7वीं मंजिल से छलांग, तीनों की मौत

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के द्वारका में मंगलवार सुबह दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। द्वारका सेक्टर-13 स्थित शपथ सोसाइटी की एक बहुमंजिला इमारत में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते आठवीं और नौवीं मंजिल से पूरे अपार्टमेंट में धुंआ और लपटें भर गईं। भयावह स्थिति में सातवीं मंजिल पर रह रहे एक परिवार के तीन सदस्यों ने जान बचाने के लिए बालकनी से छलांग लगा दी, जिसमें दो मासूम बच्चों और उनके पिता की दर्दनाक मौत हो गई।
जान बचाने की कोशिश में तीन मौतें
पुलिस के अनुसार, आग लगने के वक्त सातवीं मंज़िल पर रह रहे यश यादव (35) ने अपनी 10 वर्षीय बेटी और बेटे के साथ बालकनी से छलांग लगाई। दोनों बच्चों को तत्काल आकाश अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कुछ देर बाद यश यादव ने भी नीचे छलांग लगा दी, जिन्हें आईजीआई अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें भी बचाया नहीं जा सका।





















