मंदसौर में मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर, बच्ची और महिला की मौत

मंदसौर। दलोदा थाना क्षेत्र में लखमा खेड़ी फंटे के पास शनिवार-रविवार की दरमियानी रात मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार मजदूर सड़क पर जा गिरे। हादसे में 6 साल की बच्ची और 45 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। कई मजदूर घायल हुए हैं। हादसे में 18 साल की एक युवती के दोनों पैर नीचे से कट गए। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इसके अलावा तीन अन्य गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर मजदूरों का सामान भी बिखर गया।
रात करीब 12:15 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक हादसा शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 12:15 बजे लखमा खेड़ी फंटे के पास हुआ। मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली रतलाम जिले के रावटी और आसपास के गांवों से आए मजदूरों को लेकर उज्जैन जा रही थी। मजदूरों के मुताबिक वे मंदसौर में रेलवे से जुड़े काम में मजदूरी कर रहे थे। शनिवार रात करीब 11:30 बजे काम खत्म करने के बाद सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उज्जैन के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान लखमा खेड़ी फंटे के पास पीछे से तेज रफ्तार में आए ट्रक ने ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद पलट गई ट्रॉली
ट्रक की टक्कर लगते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। उसमें बैठे मजदूर सड़क पर जा गिरे। हादसे में 6 साल की बच्ची और 45 साल की महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कई मजदूरों को चोटें आईं। हादसे में 18 वर्षीय युवती के दोनों पैर नीचे से कट गए। गंभीर हालत को देखते हुए उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं तीन अन्य गंभीर घायलों को रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
ये भी पढ़ें: गांधीसागर पहुंची नई मादा चीता; मुख्यमंत्री ने बाड़े में छोड़ा, नाम रखा ‘राधा’, मप्र के दूसरे घर में अब 4 चीते
ट्रक चालक वाहन समेत फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और फरार ट्रक चालक तथा वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है।
ट्रॉली में करीब 20 लोग थे
अपर कलेक्टर एकता जायसवाल ने बताया कि हादसे की सूचना रात करीब 12:30 बजे मिली थी। मौके पर पहुंचने के बाद पता चला कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में रेलवे के मजदूर सवार थे, जो उज्जैन की ओर जा रहे थे। अपर कलेक्टर के मुताबिक ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 20 लोग सवार थे। हादसे में दो लोगों की मौत हुई है जबकि कई मजदूर घायल हुए हैं। प्रशासन की ओर से घायलों के इलाज की व्यवस्था की जा रही है।
ये भी पढ़ें: पत्रकार बनकर फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर अवैध वसूली, दो आरोपी गिरफ्तार; एक फरार
रतलाम के रहने वाले हैं मजदूर
घायल मजदूरों ने बताया कि वे रतलाम जिले के रावटी और आसपास के गांवों के रहने वाले हैं। रोजगार के लिए वे मंदसौर आए थे और रेलवे के काम में मजदूरी कर रहे थे। शनिवार रात काम खत्म होने के बाद सभी एक साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से उज्जैन के लिए निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से उनकी ट्रॉली को टक्कर मार दी। पुलिस अब फरार ट्रक चालक की तलाश के साथ हादसे के कारणों की जांच कर रही है।




















