पत्रकार बनकर फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर अवैध वसूली, दो आरोपी गिरफ्तार; एक फरार

छिंदवाड़ा। आरोपियों द्वारा सीएम हेल्पलाइन और वरिष्ठ कार्यालय में शिकायत करने की धमकी देकर रुपयों की मांग की जा रही थी। प्रार्थियों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। इसी के साथ पुलिस ने साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर उन्हें कस्टडी में लिया और पूछताछ की। आरोपियों के कब्जे से 2 मोबाइल फोन जब्त कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया है।
पत्रकार बताकर फोटो-वीडियो बनाने की धमकी
19 सितंबर को प्रार्थी संदीप पिता श्यामसुन्दर साहू उम्र 33 साल निवासी ग्राम मुर्रा थाना बिछुआ और भोलाराम पिता कृष्णा घंगारे उम्र 44 साल निवासी ग्राम पुलपुलडोह पुलिस चौकी खमारपानी के शिकायत पत्र पर से मामले दर्ज किए गए।
ये भी पढ़ें: उत्तर कोरिया ने दागीं दो बैलिस्टिक मिसाइलें, पहली ने 450 किमी की दूरी तय की; दक्षिण कोरिया ने जताई आपत्ति
दो मामलों में BNS की धाराओं में केस दर्ज
शिकायत पत्र पर मामला दर्जकर जांच में लिया गया। प्रकरण की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा अजय पाण्डे ने घटना की गंभीरता को देखते हुए जल्द ही प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके लिए अति. पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा आशीष खरे और अनु. अधि. (पुलिस) चौरई भारती जाट से दिशा निर्देश प्राप्त कर कार्रवाई शुरू की गई।
साइबर सेल की मदद से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
थाना प्रभारी बिछुआ निरी. सतीश उइके द्वारा एक पुलिस टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों को प्राथमिकता देते हुए साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाशी की गई। आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई और जब्ती की कार्रवाई की गई। विवेचना के दौरान प्रार्थियों द्वारा प्रस्तुत फोन पे/गूगल पे की हिस्ट्री उनके मोबाइल फोन में चेक की गई और 181 सीएम हेल्पलाइन शिकायत चेक किया गया, जो सही पाई गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा जुर्म करना स्वीकार किया गया।
साहिर और चंचलेश गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी साहिर उर्फ साहिल पिता आबिद मंसूरी उम्र 30 निवासी ग्राम उमरिया थाना बिछुआ और चंचलेश पिता स्व. हेमा इंदौरकर उम्र 38 साल निवासी ग्राम खमरा थाना बिछुआ हैं। मामले में 1 आरोपी ज्ञानेन्द्र पिता हेमा इंदौरकर निवासी ग्राम खमरा थाना बिछुआ का फरार है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़ें: फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर कारोबारी का अपहरण, 13 लाख और जेवर वसूले; 6 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी बिछुआ निरी. सतीश उइके, चौकी प्रभारी उनि विजेन्द्र मार्को, उनि अजयसिंह सल्लाम, सउनि शिवशंकर सिंह ठाकुर समेत कई पुलिस कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















