अब निशातपुरा से मिलेगी ट्रेन:भोपाल स्टेशन पर नहीं रुकेगी मालवा और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस, CM मोहन यादव करेंगे लोकर्पण

भोपाल से ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों के लिए 28 जुलाई से बड़ा बदलाव लागू होने जा रहा है। मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस अब भोपाल रेलवे स्टेशन की बजाय निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर रुकेंगी। इसी दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शाम 4:30 बजे निशातपुरा रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही यह भोपाल का चौथा रेलवे स्टेशन बन जाएगा और यहां से नियमित यात्री सेवाएं शुरू हो जाएंगी।
पीपुल्स समाचार और पीपुल्स अपडेट ने प्रमुखता से उठाया था मुद्दा
करीब तीन साल पहले बनकर तैयार होने के बावजूद निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं हो पाया था। पीपुल्स समाचार और पीपुल्स अपडेट ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। अब रेलवे ने स्टेशन को यात्रियों के लिए खोलने का निर्णय लिया है।
भोपाल स्टेशन पर खत्म होगा दोनों ट्रेनों का ठहराव
भोपाल रेल मंडल के अनुसार शुरुआती चरण में मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस का नियमित ठहराव निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर रहेगा। इसके बाद इन दोनों ट्रेनों का भोपाल रेलवे स्टेशन पर स्टॉपेज समाप्त कर दिया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि जिन लोगों ने पहले से भोपाल रेलवे स्टेशन से इन ट्रेनों में यात्रा के लिए टिकट बुक कराए हैं, वे अब निर्धारित समय पर निशातपुरा रेलवे स्टेशन पहुंचकर ही ट्रेन में सवार हों।
3 साल बाद यात्रियों के लिए खुलेगा स्टेशन
निशातपुरा रेलवे स्टेशन जून 2023 में बनकर तैयार हो गया था। सभी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद विभिन्न कारणों से यहां नियमित यात्री सेवाएं शुरू नहीं हो सकी थीं। अब मुख्यमंत्री के लोकार्पण के साथ स्टेशन से ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा।
वैष्णो देवी और अमरनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ी चिंता
मालवा एक्सप्रेस मध्यप्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए सबसे महत्वपूर्ण ट्रेनों में से एक है। भोपाल और आसपास के क्षेत्रों से हर साल हजारों यात्री इसी ट्रेन से माता वैष्णो देवी और अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना होते हैं। ऐसे में ट्रेन का ठहराव भोपाल स्टेशन से हटाकर निशातपुरा किए जाने से कई यात्रियों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि अब स्टेशन तक पहुंचने में पहले की तुलना में अधिक समय और अतिरिक्त खर्च करना पड़ेगा।
ट्रैफिक जाम बन सकता है परेशानी की वजह
यात्रियों के अनुसार निशातपुरा स्टेशन तक पहुंचने वाला मार्ग पहले से ही ट्रैफिक दबाव झेल रहा है। स्टेशन पहुंचने के लिए नादरा बस स्टैंड, छोला रोड और अन्य व्यस्त इलाकों से होकर गुजरना पड़ता है। ऐसे में जाम के कारण समय पर ट्रेन पकड़ना चुनौती बन सकता है। वहीं भोपाल रेलवे स्टेशन की तुलना में निशातपुरा तक पहुंचने के लिए ऑटो और अन्य सार्वजनिक परिवहन पर अधिक खर्च भी करना पड़ सकता है।
भोपाल रेलवे स्टेशन पर कम होगा दबाव
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि निशातपुरा स्टेशन शुरू होने से मुख्य भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और ट्रेनों का दबाव कम होगा। भोपाल रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी नवल अग्रवाल के अनुसार स्टेशन पूरी तरह तैयार है और सभी आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद अब इसे नियमित संचालन के लिए खोला जा रहा है।
नई ट्रेनों के संचालन का भी खुलेगा रास्ता
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक भोपाल स्टेशन पर रोजाना करीब 230 ट्रेनें अप और डाउन दिशा में गुजरती हैं तथा लगभग 45 हजार यात्री प्रतिदिन यहां से सफर करते हैं। इंदौर, उज्जैन, बीना और गुना की ओर जाने वाली कई ट्रेनों को केवल स्टॉपेज के लिए भोपाल स्टेशन तक लाना पड़ता है। यहां इंजन बदलने में करीब 45 मिनट लगते हैं जिससे मेन और लूप लाइनें व्यस्त रहती हैं और अन्य ट्रेनों का संचालन प्रभावित होता है। निशातपुरा स्टेशन शुरू होने के बाद इस दबाव में कमी आने की उम्मीद है और भविष्य में नई ट्रेनों के संचालन का रास्ता भी आसान होगा।
NSG-3 श्रेणी में शामिल हुआ निशातपुरा स्टेशन
रेलवे ने निशातपुरा स्टेशन को NSG-3 श्रेणी में शामिल किया है। इसके तहत स्टेशन पर पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम सहित कई सुविधाओं को अपग्रेड किया जा रहा है। रेलवे के नए वर्गीकरण के अनुसार स्टेशनों को यात्रियों की संख्या के आधार पर NSG, SG और HG श्रेणियों में विभाजित किया गया है। निशातपुरा अब NSG-3 श्रेणी का स्टेशन होगा।












