भोपाल एयरपोर्ट पर इंडिगो की फ्लाइट रद्द, हार्ड लैंडिंग के बाद तकनीकी जांच में विमान अनफिट

भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर मंगलवार को दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट रद्द कर दी गई। विमान की हार्ड लैंडिंग के बाद तकनीकी जांच कराई गई थी। जांच के दौरान विमान को उड़ान भरने के लिए अनुपयुक्त पाया गया। इसके बाद फ्लाइट का संचालन रोक दिया गया। यात्रियों को दूसरी उपलब्ध फ्लाइट से दिल्ली भेजने की व्यवस्था की जाएगी।
हार्ड लैंडिंग के बाद विमान की जांच
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, हार्ड लैंडिंग के बाद विमान की तकनीकी जांच करना निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया का हिस्सा है। जब पायलट को लगता है कि विमान रनवे पर सामान्य से अधिक जोर से उतरा है, तो इसकी सूचना इंजीनियरिंग टीम को दी जाती है। इसके बाद विशेषज्ञ विमान के तकनीकी पहलुओं की जांच करते हैं। जरूरी जांच और औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान भरने की अनुमति मिलती है।
शिवराज भी इसी फ्लाइट से जाने वाले थे
जानकारी के अनुसार, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के सोशल मीडिया के राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के को भी इसी फ्लाइट से दिल्ली जाना था। उड़ान रद्द होने के कारण दिल्ली जाने वाले यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
शाम 4:30 बजे रवाना होने वाली थी फ्लाइट
फ्लाइट के शाम 4:30 बजे भोपाल से रवाना होने की जानकारी दी गई थी। हालांकि, तकनीकी जांच में विमान के उड़ान के लिए अनुपयुक्त पाए जाने के बाद इसका संचालन रद्द कर दिया गया। यात्रियों को अब अगली उपलब्ध फ्लाइट से दिल्ली भेजने की व्यवस्था की जाएगी।




















