People's Impact :26 जुलाई को शुरू होगा निशातपुरा रेलवे स्टेशन, सांसद आलोक शर्मा ने रेल मंत्री को बताई समस्या, तत्काल हुआ फैसला

निशातपुरा रेलवे स्टेशन का शुभारंभ की तारीख आ गई है। अब इसकी शुरुआत 26 जुलाई से होगी। पीपुल्स समाचार और पीपुल्स अपडेट ने निशातपुरा स्टेशन पर ट्रेनों के स्टॉपेज शुरू नहीं होने का मुद्दा प्राथमिकता से उठाया था। सांसद आलोक शर्मा ने इस विषय को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सामने रखा। इसके तुरंत बाद तारीख तय हो गई।
Follow on Google News
26 जुलाई को शुरू होगा निशातपुरा रेलवे स्टेशन, सांसद आलोक शर्मा ने रेल मंत्री को बताई समस्या, तत्काल हुआ फैसला
भोपाल का निशातपुरा रेलवे स्टेशन

नई दिल्ली/भोपाल। राजधानी भोपाल के लिए बहुप्रतीक्षित निशातपुरा रेलवे स्टेशन के शुभारंभ का इंतजार अब समाप्त होने जा रहा है। भोपाल सांसद आलोक शर्मा की मांग पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने तत्काल निर्णय लेते हुए रविवार, 26 जुलाई को निशातपुरा रेलवे स्टेशन के लोकार्पण की तिथि निर्धारित कर दी है।

संसद भवन में रेल मंत्री से मिले सांसद शर्मा

सांसद आलोक शर्मा ने मंगलवार दोपहर लगभग 1 बजे संसद भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने निशातपुरा रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य पूर्ण होने के बावजूद उसका संचालन प्रारंभ नहीं होने का विषय प्रमुखता से उठाते हुए शीघ्र लोकार्पण का आग्रह किया। सांसद शर्मा के आग्रह पर रेल मंत्री ने तत्परता दिखाते हुए अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए और 26 जुलाई को स्टेशन के लोकार्पण की तिथि तय कर दी। इसके साथ ही इसी सप्ताह राजधानी भोपाल को उसके चौथे रेलवे स्टेशन की सौगात मिलने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

ये भी पढ़ें: निशातपुरा स्टेशन तैयार, लेकिन उद्घाटन अटका : रेलवे बोर्ड अध्यक्ष से लेकर जोन जीएम, प्रमुख वाणिज्य प्रबंधक तक ने देखा फिर भी नहीं मिली हरी झंडी

शुभारंभ कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़ेंगे रेल मंत्री वैष्णव

रविवार, 26 जुलाई को प्रातः 11 बजे केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होकर स्टेशन का लोकार्पण करेंगे, जबकि भोपाल सांसद आलोक शर्मा व शहर के जनप्रतिनिधिगण निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर उपस्थित रहकर शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे।

/img/89/1784643505175

आम यात्रियों को मिलेगी सुविधा

सांसद आलोक शर्मा ने बताया कि करोड़ों रुपए की लागत से निर्मित निशातपुरा रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य पहले ही पूरा हो चुका है। स्टेशन पर आधुनिक प्लेटफॉर्म, यात्री प्रतीक्षालय सहित सभी आवश्यक यात्री सुविधाएं विकसित की जा चुकी हैं। अब लोकार्पण के साथ यह स्टेशन आम यात्रियों के लिए शुरू हो जाएगा।

Breaking News

मालवा और सोमनाथ एक्सप्रेस का होगा संचालन

सांसद आलोक शर्मा ने बताया कि इंदौर–जम्मूतवी मालवा एक्सप्रेस तथा जबलपुर–वेरावल सोमनाथ एक्सप्रेस के निशातपुरा रेलवे स्टेशन से संचालन की मंजूरी पहले ही मिल चुकी है। स्टेशन के शुभारंभ के बाद इन ट्रेनों का संचालन प्रारंभ किया जाएगा। भविष्य में अन्य ट्रेनों के ठहराव एवं संचालन के लिए भी रेलवे से आग्रह किया जाएगा।

/img/89/1784643522282

भोपाल रेलवे स्टेशन पर कम होगा दबाव

सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि वर्तमान में भोपाल जंक्शन पर ट्रेनों और यात्रियों का अत्यधिक दबाव है। निशातपुरा रेलवे स्टेशन शुरू होने से भोपाल जंक्शन तथा रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर दबाव कम होगा और भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर सहित आसपास के क्षेत्रों के लाखों यात्रियों को सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध होगी।

ये भी पढ़ें: MP UCC Bill : आज मध्यप्रदेश वह राज्य बन गया, जहां UCC लागू हुआ, बिल पास होने के बाद बोले सीएम मोहन यादव

तीन लाख से अधिक लोगों को मिलेगा सीधा लाभ

सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि निशातपुरा रेलवे स्टेशन के संचालन से लगभग तीन लाख से अधिक नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। यात्रियों का समय बचेगा, शहर के भीतर आवागमन सुगम होगा तथा रेलवे की परिचालन व्यवस्था और अधिक बेहतर होगी। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भोपालवासियों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है और इसी सप्ताह निशातपुरा रेलवे स्टेशन के लोकार्पण के साथ राजधानी भोपाल को आधुनिक रेल सुविधाओं की एक और बड़ी सौगात मिलेगी। 

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts