कार के परखच्चे उड़ने के बाद भी हमें खरोंच तक नहीं आई, मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी ने जारी किया वीडियो

मैहर। विंध्य पार्टी बनाने वाले मैहर के बीजेपी विधायक नारायण त्रिपाठी की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा गढ़ा कोटा के पास 11 अप्रैल की रात हुआ। हादसे के बाद त्रिपाठी ने एक वीडियो के जरिये अपने और अन्य लोगों के ठीक होने की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि हम कथा सुनने के लिए बागेश्वर धाम जा रहे थे। इस दौरान अचानक ट्रक से हमारा एक्सीडेंट हुआ। विधायक ने कहा कि हम दो गाड़ियों से थे। जिस गाड़ी का एक्सीडेंट हुआ उसमें चार लोग थे। उन्होंने बताया कि मां शारदा और बाबा बागेश्वर सरकार की कृपा की वजह से हम पूरी तरह स्वस्थ हैं। बता दें कि इस दुर्घटना में त्रिपाठी की गाड़ी के परखच्चे उड़ गए थे।
विधायक ने वीडियो जारी कर इसकी जानकारी दी है। बता दें कि नारायण त्रिपाठी ने हाल ही में विंध्य पार्टी के गठन की घोषणा की थी। वह विंध्य क्षेत्र की 30 सीटों की मांग कर रहे हैं। चुनाव से ऐन पहले बदले नारायण के इस रुख को लेकर पार्टी में अलग-अलग तरह की बातें सामने आ रही हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने इस मामले में त्रिपाठी के खिलाफ सीधे तौर पर तो कोई बात नहीं कही थी, लेकिन उन्होंने कहा था कि चुनावी साल में यदि कोई पार्टी विधायक ऐसा करता है तो संगठन से बातचीत की जाएगी। इसके बाद कोई फैसला लिया जाएगा।












