‘रामायण’ के ‘जय जय राम’ का चला जादू, सिद्धार्थ आनंद बोले- इसे बार-बार सुनने का मन कर रहा

गणेश चतुर्थी के मौके पर मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘रामायण’ के मेकर्स ने फिल्म का पहला गाना ‘जय जय राम’ रिलीज कर दिया है। गाने को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। अब फिल्ममेकर सिद्धार्थ आनंद ने भी गाने की तारीफ की है।
ए.आर. रहमान ने कंपोज किया गाना
‘जय जय राम’ को ए.आर. रहमान ने कंपोज किया है। इसके बोल डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं, जबकि अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है। गाने को सिनेमाई म्यूजिक के साथ आरती के आध्यात्मिक अंदाज में पेश किया गया है। गाने में भगवान राम के नाम का बार-बार स्मरण सुनने को मिलता है। इसके बोल भगवान राम के दया, रक्षा और धर्म जैसे गुणों को भी सामने रखते हैं। यही वजह है कि रिलीज के बाद गाने को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
सिद्धार्थ आनंद ने की गाने की तारीफ
गाने की तारीफ करते हुए डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद ने सोशल मीडिया पर लिखा- जय जय राम। इसे बार-बार सुनने का मन कर रहा है! गाना बहुत ही शानदार है! सिद्धार्थ आनंद की इस प्रतिक्रिया के बाद गाने को लेकर चर्चा और बढ़ गई है।
बड़े स्तर पर बनाई जा रही है ‘रामायणम्’
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायणम्’ को भारतीय सिनेमा की बड़ी फिल्मों में से एक माना जा रहा है। फिल्म को बड़े पैमाने पर तैयार किया जा रहा है और इसके लिए भारत समेत दुनियाभर की बड़ी क्रिएटिव और टेक्निकल टीमों को जोड़ा गया है। फिल्म का ट्रेलर भी हाल ही में रिलीज हुआ था, जिसे दर्शकों की ओर से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी। अब ‘जय जय राम’ के रिलीज होने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की एक्साइटमेंट और बढ़ गई है।
रणबीर कपूर बनेंगे श्री राम
फिल्म में रणबीर कपूर श्री राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म को नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है। भारत के बाहर फिल्म को सोनी पिक्चर्स रिलीज करेगी। ‘रामायणम्’ का पहला पार्ट दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है।




















