Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

MP Weather Update : भोपाल-इंदौर समेत कई जिलों में हल्की बारिश, 22 जिलों में सीजन का कोटा पूरा; अब तक 111% बारिश दर्ज

भोपाल-इंदौर समेत कई जिलों में हल्की बारिश, 22 जिलों में सीजन का कोटा पूरा; अब तक 111% बारिश दर्ज
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की तेज़ रफ्तार अब धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिन तक प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। स्ट्रॉन्ग सिस्टम के कमजोर होने से अब भारी बारिश का अलर्ट नहीं है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत कई शहरों में सिर्फ रिमझिम फुहारें गिरेंगी।

    भारी बारिश से फिलहाल राहत

    शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के दो स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव थे, जिसके चलते कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। हालांकि, रविवार से सिस्टम कमजोर हो गया है और अगले तीन दिन तक कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट नहीं है। मौसम विभाग ने बताया कि इस दौरान ज्यादातर जिलों में हल्की बूंदाबांदी और गरज-चमक के साथ बारिश होगी।

    उफान पर नदी-नाले और डैम

    बीते दिनों हुई भारी बारिश से प्रदेश के कई नदी-नाले उफान पर आ गए। भोपाल के बड़ा तालाब का जलस्तर 1666.80 फीट तक पहुंच गया, जिसके चलते भदभदा डैम के गेट सीजन में पहली बार खोले गए। इसी तरह रायसेन जिले में हलाली बांध के तीन गेट भी दो-दो मीटर तक खोले गए।

    अब तक सीजन की 111% बारिश

    मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस सीजन में अब तक 40.6 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है, जबकि सामान्य तौर पर 32.8 इंच बारिश होनी चाहिए थी। यानी अब तक औसत से 111 प्रतिशत वर्षा हो चुकी है। प्रदेश की सामान्य बारिश औसतन 37 इंच मानी जाती है। पिछले साल यहां 44 इंच बारिश हुई थी। प्रदेश के 22 जिलों में बारिश का कोटा फुल हो गया है।

    सबसे ज्यादा और सबसे कम बारिश वाले जिले

    बारिश के मामले में गुना जिला सबसे आगे है। यहां अब तक 63.8 इंच बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 30.6 इंच अधिक है। श्योपुर में 56 इंच, मंडला में 55.9 इंच, अशोकनगर में 53.9 इंच और रायसेन में 55.8 इंच बारिश दर्ज की गई है।

    वहीं, सबसे कम बारिश इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में हुई। खरगोन में 25.6 इंच, बुरहानपुर में 25.8 इंच, शाजापुर में 26.2 इंच, खंडवा में 26.4 इंच और बड़वानी में 26.5 इंच बारिश हुई है।

    अगले दो दिन का पूर्वानुमान

    8 सितंबर: भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर सहित कई जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट।

    9 सितंबर: प्रदेशभर में हल्की बूंदाबांदी और गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना।

    मौसम विभाग का कहना है कि मानसून ट्रफ, लो-प्रेशर एरिया और चक्रवातीय परिसंचरण के चलते 10-11 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। खासकर मालवा-निमाड़ क्षेत्र में एक-दो दिन झमाझम बारिश देखने को मिल सकती है।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...

    Latest Posts