PU Special :रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व: ग्रीन हाईवे से जुड़ेंगे 4 प्रमुख पार्क, बदलेगी पर्यटन की तस्वीर, टाइगर कंजर्वेशन प्लान NTCA को भेजा

संतोष चौधरी, भोपाल। बुंदेलखंड के वीरांगना रानी दुर्गावती (नौरादेही) टाइगर रिजर्व के माध्यम से अब पूरे बुंदेलखंड और महाकोशल अंचल में वन्यजीव संरक्षण तथा पर्यटन के नए द्वार खुलने जा रहे हैं। प्रदेश के इस सबसे बड़े पार्क को पन्ना, बांधवगढ़, कान्हा और रातापानी टाइगर रिजर्व से जोड़ने के लिए तीन विशेष 'ग्रीन हाईवे' (वन्यजीव कॉरिडोर) विकसित किए जाएंगे। वन विभाग ने नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी ( NTCA) की गाइडलाइन के अनुसार 10 वर्षीय टाइगर कंजर्वेशन प्लान (TCP) तैयार किया है, जिसे राज्य सरकार की सहमति के बाद अंतिम अनुमोदन हेतु एनटीसीए को भेज दिया गया है।
एक साथ देखे जा सकते हैं बाघ, तेंदुआ और चीता
इन कॉरिडोर के बनने से वन्यजीवों को सुरक्षित विचरण का मार्ग मिलेगा, जिससे उनकी आनुवंशिक विविधता में सुधार होगा। मास्टर प्लान तैयार करने वाले तत्कालीन डीएफओ एवं वर्तमान में सिवनी सीएफ एए अंसारी ने बताया कि यह ऐसा अनूठा स्थल बनने जा रहा है, जहां बाघ, तेंदुआ और चीता एक साथ विचरण करते दिखाई देंगे। प्रदेश का एकमात्र भारतीय भेड़िया आवास होने के साथ-साथ यहां 7 प्रजातियों के गिद्धों की मौजूदगी इसे वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी का बड़ा केंद्र बनाएगी।
थर्मल ड्रोन निगरानी और ग्रासलैंड विस्तार
चीतों की तेज गति और लंबी दूरी की आवाजाही पर नजर रखने के लिए रिजर्व में पहली बार थर्मल ड्रोन तकनीक अपनाई जाएगी और जंगल के भीतर पेट्रोलिंग कैंप बढ़ाए जाएंगे। साथ ही विस्थापन से खाली हुई भूमि पर बड़े पैमाने पर घास के मैदान विकसित किए जा रहे हैं, जिससे काले हिरण, चिंकारा व नीलगाय की संख्या बढ़ाकर शिकार का आधार मजबूत किया जा सके।
ये भी पढ़ें: सीएम ने वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में छोड़े ‘नीरा’ और ‘व्योम’ चीते, कहा-इनका मानव से संघर्ष नहीं होता
280 वर्ग किमी में सफारी, चार नए ईको-टूरिज्म जोन से मिलेगा रोजगार
रिजर्व के कोर एरिया के लगभग 20 प्रतिशत हिस्से यानी करीब 280 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को सैलानियों के लिए खोलने की तैयारी है। सागर, दमोह और नरसिंहपुर जिलों की सीमाओं में चार नए ईको-टूरिज्म जोन प्रस्तावित हैं। इनमें सागर जिले में हिनौती और बीना-बारह क्षेत्र, दमोह जिले में झापन, ब्यावरा व सिंग्रामपुर और नरसिंहपुर जिले में डमरगांव-सारसला क्षेत्र शामिल है। वहीं, सफारी ट्रैक और बुनियादी सुविधाएं विकसित होने से ग्रामीण युवाओं को गाइड, जिप्सी संचालन और होम-स्टे के माध्यम से रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
बुंदेलखंड और महाकौशल के पर्यटन की मजबूत होगी पहचान
इस बारे में पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ समीता राजौरा का कहना है कि एनटीसीए की गाइडलाइन के तहत नौरादेही का कंजर्वेशन प्लान तैयार कर अनुमोदन के लिए भेजा जा चुका है। मंजूरी मिलते ही जमीनी काम शुरू होगा, जिससे बुंदेलखंड और महाकौशल की पर्यटन पहचान को नई मजबूती मिलेगी और वन्यजीव संरक्षण को नई दिशा मिलेगी।
ये भी पढ़ें: ‘वीकेंड विद टाइगर्स’: कान्हा के जंगल में अभिनेत्री सोनल चौहान की सफारी, सोशल मीडिया पर साझा की तस्वीरें




















