रीवा थाने में युवक ने खाया जहर :ICU में एडमिट, प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला

रीवा के चाकघाट थाना परिसर में पूछताछ के दौरान एक युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। युवक की हालत गंभीर है और ICU में इलाज जारी है। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। परिजनों ने पुलिस पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए जांच शुरू कर दी है।
ICU में एडमिट, प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला

मध्य प्रदेश के रीवा जिले के चाकघाट थाना परिसर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पूछताछ के लिए बुलाए गए एक युवक ने थाने के अंदर ही जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे वहां हड़कंप मच गया। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत युवक को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और ICU में इलाज चल रहा है।

प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला

युवक की पहचान पुष्पराज मांझी (25) के रूप में हुई है, जो सेंगरवार सतपुड़ा गांव का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। आरोप है कि युवक अपनी कथित प्रेमिका से संपर्क कर रहा था और फोटो वायरल करने की धमकी दे रहा था। युवती की शिकायत के बाद पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए बुलाया था।

पूछताछ के दौरान खाया जहर

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान ही युवक ने अचानक जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे थाने में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया।

ये भी पढ़ें: जबलपुर बरगी डैम हादसा : 48 घंटे बाद मिले दो बच्चों के शव, मृतकों की संख्या हुई 11

परिजनों ने लगाए पुलिस पर आरोप

घटना के बाद युवक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस युवक से रिश्वत मांग रही थी, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।

पुलिस ने आरोपों को बताया निराधार

थाना प्रभारी बालकेश सिंह ने कहा कि युवक को सिर्फ पूछताछ के लिए बुलाया गया था। रिश्वत मांगने के आरोपों को उन्होंने गलत बताया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts