🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

मध्य प्रदेश में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें आपके जिले में कैसा रहेगा मौसम

मध्य प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में भारी बारिश का अलर्ट है। 12 जिलों में 4 इंच तक बारिश की संभावना है। जानें किन जिलों में तेज बारिश होगी, कहां बारिश सामान्य से कम है और अगले दिनों में मौसम का क्या असर देखने को मिलेगा।
Follow on Google News
मध्य प्रदेश में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें आपके जिले में कैसा रहेगा मौसम
12 जिलों में 4 इंच तक बारिश की संभावना है।

मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं 12 जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान 4 इंच या उससे ज्यादा बारिश होने की संभावना जताई गई है।

12 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक सागर, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, कटनी, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में तेज बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भरने और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। लोगों को मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

ये भी पढ़ें: Air India Flight में 4 सेकंड तक गायब हुआ कंट्रोल! तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम फेल, पायलट का कमांड भी नहीं कर रहा था काम

इन जिलों में भी बारिश के आसार

पूर्वी मध्य प्रदेश के अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, बैतूल और हरदा में भी बारिश हो सकती है। इसके अलावा ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, मैहर, उमरिया, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी कहीं तेज तो कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम दे रहा बारिश

मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के अनुसार बंगाल की खाड़ी में 12 अगस्त की सुबह बना निम्न दबाव क्षेत्र 13 अगस्त की सुबह दबाव वाले क्षेत्र में बदल गया। यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में पश्चिम बंगाल और झारखंड की ओर बढ़ रहा है। इस मौसम प्रणाली के असर से मानसून की द्रोणिका भी सक्रिय बनी हुई है। यही वजह है कि मध्य प्रदेश में आने वाले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। खासतौर पर प्रदेश के पूर्वी हिस्से में भारी बारिश होने की संभावना ज्यादा है।

प्रदेश में अब तक सामान्य से कम बारिश

मध्य प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक करीब 524.8 मिलीमीटर यानी 20.7 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई है। सामान्य तौर पर इस समय तक करीब 597 मिलीमीटर यानी 23.5 इंच बारिश होनी चाहिए थी। यानी प्रदेश में अभी करीब 2.8 इंच पानी कम गिरा है। कुल मिलाकर प्रदेश में बारिश सामान्य से करीब 12 प्रतिशत कम है। पूर्वी मध्य प्रदेश में यह कमी करीब 20 प्रतिशत है, जबकि पश्चिमी हिस्से में बारिश करीब 5 प्रतिशत कम है। जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में भी सामान्य से करीब 19 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है।

Breaking News

कई जिलों में 5 से 53% तक कमी

पूर्वी हिस्से के बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़ और उमरिया में सामान्य से 5 से 53 प्रतिशत तक कम बारिश रिकॉर्ड हुई है। पश्चिमी हिस्से में भी कई जिले बारिश की कमी से जूझ रहे हैं। आगर-मालवा, अलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, दतिया, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, मुरैना, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, रतलाम, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन और विदिशा में सामान्य से 3 से 47 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है।

इन जिलों में सामान्य से ज्यादा पानी गिरा

प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य से बेहतर है। भोपाल, गुना, सीहोर, राजगढ़, ग्वालियर, अनूपपुर, भिंड, बुरहानपुर, देवास, बड़वानी, खंडवा और खरगोन में अब तक सामान्य से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है।

ये भी पढ़ें: MP में बार चुनाव की हलचल तेज: हाईकोर्ट बार का चुनाव 17 अगस्त को, स्टेट बार में अब तक 54 उम्मीदवार बाहर

जून की कमी अब तक पूरी नहीं हुई

जून में मध्य प्रदेश में सामान्य से करीब 14 प्रतिशत कम बारिश हुई थी। जुलाई की शुरुआत में अच्छी बारिश हुई, जिससे स्थिति में सुधार आया और जुलाई का बारिश कोटा पूरा हो गया। लेकिन इसके बाद मानसून में दो बार ब्रेक आया और कई दिनों तक बारिश कमजोर रही। अब अगस्त में एक बार फिर मजबूत मौसम सिस्टम सक्रिय हुआ है। इससे बारिश का दौर तेज हुआ है, लेकिन पूरे मानसून सीजन में प्रदेश अभी भी सामान्य से करीब 12 प्रतिशत पीछे है। जून में हुई बारिश की कमी की पूरी भरपाई अभी नहीं हो पाई है। मध्य प्रदेश में पूरे मानसून सीजन के दौरान सामान्य बारिश करीब 37.3 इंच मानी जाती है। वहीं भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में सामान्य बारिश करीब 38 से 39 इंच के बीच रहती है। आने वाले दिनों में सक्रिय मौसम सिस्टम से बारिश बढ़ने की उम्मीद है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani
icon

Latest Posts