दमोह: मोबाइल की जिद में नदी में कूदा युवक, बेटे को बचाने 68 साल के पिता भी कूदे

दमोह। जिले के नरसिंहगढ़ के पास बहने वाली सुनार नदी में एक युवक ने अचानक छलांग लगा दी। बेटे को नदी में डूबता देख उसके 68 वर्षीय पिता भी उसे बचाने के लिए नदी में उतर गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद माझी समाज के डालचंद रायकवार ने नाव की मदद से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
मोबाइल की मांग को लेकर जिद कर रहा था युवक
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, रानगिर निवासी अंकित यादव (20) मोबाइल दिलाने की मांग को लेकर जिद कर रहा था। इसी दौरान उसने गुस्से में सुनार नदी में छलांग लगा दी। बेटे को नदी में कूदता देख उसके पिता द्वारिका यादव (68) भी उसे बचाने के लिए नदी में उतर गए। दोनों को नदी में डूबता देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
नाव की मदद से पिता-पुत्र को बचाया
मौके पर मौजूद माझी समाज के डालचंद रायकवार ने तुरंत नाव की मदद से पिता-पुत्र को नदी से बाहर निकाला। समय रहते दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
करीब एक साल पहले रानगिर में रहने आए थे
बताया गया है कि द्वारिका यादव मूल रूप से बजरिया, दमोह के रहने वाले हैं। करीब एक साल पहले वह अपने परिवार के साथ रानगिर में आकर रहने लगे थे। घटना के बाद पिता-पुत्र के सुरक्षित बच जाने से परिजनों और मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।



















