'सिर्फ 11 लोगों को मिलेगी अनुमति', CJP के तिरंगा मार्च से पहले दिल्ली पुलिस की सख्त गाइडलाइंस

नई दिल्ली: दिल्ली के कनॉट प्लेस में शुक्रवार को तिरंगे को लेकर एक बार फिर सियासी हलचल तेज होने वाली है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 16 अक्टूबर को ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च का आह्वान किया है। पार्टी ने लोगों से शाम 5 बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में पहुंचने और अपने साथ राष्ट्रीय ध्वज लाने की अपील की है। इस कार्यक्रम में हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है और लोगों के लिए जरूरी निर्देश जारी किए हैं।
CJP के तिरंगा मार्च को लेकर पुलिस अलर्ट
दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस का कहना है कि मौजूदा हालात को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे किसी एक स्थान पर बड़ी संख्या में इकट्ठा होने से बचें और पुलिस के निर्देशों का पालन करें। पुलिस ने साफ किया है कि राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान से जुड़े कार्यक्रम के लिए अनुमति दी गई है, लेकिन इसके लिए कुछ शर्तों का पालन करना होगा। पुलिस के मुताबिक, तिरंगे की गरिमा और सम्मान बनाए रखना जरूरी है।
तिरंगा लहराने और राष्ट्रगान के लिए 11 लोगों की अनुमति
दिल्ली पुलिस की डीसीपी नेहा यादव ने गुरुवार, 15 अक्टूबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय ध्वज लेकर आने और राष्ट्रगान के आयोजन के लिए केवल 11 लोगों के समूह को अनुमति दी जाएगी। यह समूह किसी उपयुक्त स्थान पर कार्यक्रम कर सकता है। हालांकि, इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रगान का पूरा सम्मान करना होगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम के दौरान तय नियमों का पालन करना जरूरी है। ऐसे में मार्च में शामिल होने की योजना बना रहे लोगों को पुलिस की ओर से जारी निर्देशों का ध्यान रखना होगा।
16 और 17 अक्टूबर को बंद रहेगा सेंट्रल पार्क
CJP के मार्च से पहले कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क को लेकर भी अहम जानकारी सामने आई है। दिल्ली पुलिस की जनसंपर्क अधिकारी और डीसीपी नेहा यादव के मुताबिक, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने दिल्ली पुलिस को पत्र लिखकर बताया है कि सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर को बंद रहेगा। NDMC ने पार्क की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी व्यक्ति को बिना अनुमति अंदर प्रवेश करने से रोकने का अनुरोध भी किया है। ऐसे में कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचने वाले लोगों को पार्क में प्रवेश से जुड़ी पाबंदियों का ध्यान रखना होगा।
झंडेवालान इलाके में भी बढ़ाई गई सुरक्षा
दिल्ली पुलिस ने एहतियात के तौर पर कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। इनमें रानी झांसी रोड के पास स्थित झंडेवालान इलाका भी शामिल है। बताया गया है कि CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके इसी इलाके में ठहरे हुए हैं। पुलिस किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सतर्कता बरत रही है। इसके अलावा, पुलिस के मुताबिक आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी अपने कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम लोगों से इस प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। इससे कार्यक्रम में लोगों की संभावित संख्या को लेकर पुलिस की सतर्कता और बढ़ गई है।
कनॉट प्लेस में पहले से लागू है निषेधाज्ञा
दिल्ली पुलिस के अनुसार, कनॉट प्लेस और आसपास के क्षेत्रों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा पहले से लागू है। इसका उद्देश्य इलाके में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना, मानव जीवन की सुरक्षा करना और सरकारी तथा निजी संपत्तियों को नुकसान से बचाना है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें और ऐसी किसी गतिविधि से बचें, जिससे इलाके में तनाव या अव्यवस्था पैदा हो। अब सबकी नजर इस बात पर है कि CJP का ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च किस तरह आगे बढ़ता है और पुलिस की ओर से तय नियमों का कितना पालन किया जाता है।




















