यूक्रेन ने तोड़ा युद्धविराम, रूस की रियाजान तेल रिफाइनरी पर ड्रोन अटैक, जेलेंस्की बोले ट्रंप ने धोखा दिया

कीव। यूक्रेन ने रूस की एक तेल रिफाइनरी पर हमला किया जिसके साथ ही ऊर्जा से जुड़े ठिकानों पर हमले न करने को लेकर हुआ एक संक्षिप्त समझौता भी टूट गया। यूक्रेन का कहना है कि मॉस्को ने इस समझौते का पालन नहीं किया। वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि उन्हें अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की वजह से धोखा मिला है। रूसी रक्षा मंत्रालय और रियाजान के गवर्नर पावेल माल्कोव के अनुसार, ड्रोन हमले के कारण रूस के रियाजान क्षेत्र में (जो मॉस्को से लगभग 300 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में है) एक तेल रिफाइनरी में आग लग गई। रूस के ऑनलाइन न्यूज आउटलेट ‘आस्त्रा’ ने इस आग की एक तस्वीर भी जारी की है।
और खराब हो सकते हैं अमेरिका से रिश्ते
इस हमले से कीव और ट्रंप के बीच के रिश्ते और खराब हो सकते हैं। दोनों देशों के संबंध वॉशिंगटन के साथ बढ़ते तनाव के बीच हाल के दिनों में पहले ही बिगड़ चुके हैं। जेलेंस्की ने कहा कि वह रूस द्वारा उनके देश के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर लगातार किए जा रहे हवाई हमलों से बेहद नाराज हैं। कुछ दिन पहले ही ट्रंप ने दोनों पक्षों से ऐसे हमले रोकने की मांग की थी, लेकिन रूस ने इसे पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया है। जेलेंस्की ने शिकायत की कि ट्रंप की युद्धविराम की मांग को मानने के बावजूद, हाल के दिनों में यूक्रेन को रूस के बैलिस्टिक मिसाइल हमलों के बारे में पश्चिमी देशों से मिलने वाली खुफिया जानकारी नहीं दी गई। इसके अलावा यूक्रेन द्वारा अमेरिका में बने 'स्टारलिंक' कम्युनिकेशन टर्मिनलों के इस्तेमाल पर भी पाबंदियां लगा दी गईं। ये दोनों ही यूक्रेनी सेना के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं।
जेलेंस्की बोले -धैर्य जवाब दे चुका है
वर्तमान स्थितियों पर जेलेंस्की ने कहा कि उनका धैर्य अब जवाब दे चुका है। फाइनेंशियल टाइम्स में छपे एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि रूसी तेल रिफाइनरियों पर यूक्रेनी हमले फिर से शुरू होंगे। जेलेंस्की के हवाले से कहा गया- अब बहुत हो गया। यूक्रेन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की कि यूक्रेन ने रिफाइनरी पर हमला किया है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने गुरुवार को कहा कि यूक्रेन ने रिफाइनरियों पर अपने हमले कभी नहीं रोके, जिससे रूस को नुकसान पहुंचा है। दोनों पक्षों के दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि करना संभव नहीं था।
ब्रुसेल्स पहुंचे यूक्रेन के राष्ट्रपति
इस आशंका के बीच कि ट्रम्प प्रशासन यूक्रेन से अपना समर्थन वापस ले सकता है, जेलेंस्की गुरुवार को ब्रुसेल्स पहुंचे। वहां वे दो दिवसीय शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले रहे यूरोपीय संघ (EU) के नेताओं के साथ बातचीत करेंगे। जेलेंस्की ने बताया कि वे नाटो प्रमुख मार्क रुटे, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और पोलैंड, डेनमार्क तथा बेल्जियम के प्रधानमंत्रियों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा यूक्रेन की आपातकालीन सेवाओं ने गुरुवार को बताया कि मध्य यूक्रेन के किरोवोहराद क्षेत्र में रूस के ड्रोन हमले के कारण तीन लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। यह हमला 10 घंटे से भी अधिक समय तक चला।




















