Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

PU Special : मप्र भाजपा में खाली पदों पर नियुक्तियों की कवायद तेज, चुनावी तैयारियों के बीच संगठन पर बढ़ा दबाव

मध्यप्रदेश भाजपा में खाली संगठनात्मक पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया तेज हो गई है। हेमंत खंडेलवाल ने दो सप्ताह में नियुक्तियां पूरी करने की बात कही है।
 मप्र भाजपा में खाली पदों पर नियुक्तियों की कवायद तेज, चुनावी तैयारियों के बीच संगठन पर बढ़ा दबाव
मप्र भाजपा में खाली पदों पर नियुक्तियों की कवायद तेज

राजीव सोनी, भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा में प्रदेश संगठन के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया अब तेज होती नजर आ रही है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के पदभार संभालने के करीब 14 महीने बाद बची हुई प्रदेश कार्यसमिति और संगठन से जुड़े अन्य पदों पर नियुक्तियों की कवायद शुरू हो गई है। पंचायत उपचुनाव के साथ आगामी नगरीय निकाय और सहकारिता चुनावों को देखते हुए पार्टी संगठन को पूरी तरह सक्रिय करने की तैयारी में जुट गई है।

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की टीम में पिछली कार्यकारिणी की तुलना में अभी महामंत्री, उपाध्यक्ष और मंत्री के पदों पर कम नियुक्तियां हुई हैं। इसके अलावा विशेष आमंत्रित सदस्यों, आधा दर्जन से ज्यादा प्रकोष्ठों और अल्पसंख्यक मोर्चा में भी नियुक्तियां होना बाकी हैं। संगठन के निचले स्तर पर भी कुछ जिलों और मंडलों में मोर्चों समेत अन्य टीमों का गठन अभी नहीं हो सका है।

खंडेलवाल ने 2 जुलाई 2025 को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का पदभार संभाला था। इसके बाद से संगठन में खाली पदों को लेकर लगातार चर्चा चल रही थी। अब चुनावी गतिविधियां बढ़ने के साथ इन नियुक्तियों को जल्द पूरा करने का दबाव भी बढ़ गया है।

जिलों और मंडलों की टीमों पर भी नजर

पार्टी सूत्रों के मुताबिक जिलों और मंडलों में जिन मोर्चों और अन्य संगठनात्मक इकाइयों की कार्यकारिणियां अभी बाकी हैं, उन्हें लेकर प्रदेश भाजपा मुख्यालय से लगातार फॉलोअप किया जा रहा है। वरिष्ठ पदाधिकारी संबंधित जिलों और मंडलों से नियुक्तियों की स्थिति की जानकारी ले रहे हैं।

इसी बीच खंडेलवाल की अध्यक्षता में प्रदेश भाजपा की पहली कार्यसमिति की बैठक पांच दिन पहले ओरछा में आयोजित हुई। इसके पहले राष्ट्रीय स्तर पर नितिन नबीन की टीम का गठन भी हो चुका है। इस बार राष्ट्रीय टीम में मध्यप्रदेश से पहले की तुलना में अधिक पदाधिकारियों को जगह मिली है

वीडी शर्मा की टीम में थे ज्यादा प्रदेश पदाधिकारी

प्रदेश भाजपा की मौजूदा कार्यकारिणी की तुलना पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की टीम से करें तो उस समय प्रदेश पदाधिकारियों की संख्या ज्यादा थी। वीडी शर्मा की कार्यकारिणी में 14 उपाध्यक्ष, पांच महामंत्री और 14 मंत्री शामिल थे।

वहीं मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने अब तक अपनी टीम में नौ उपाध्यक्ष, चार महामंत्री और नौ मंत्री नियुक्त किए हैं। यानी पिछली कार्यकारिणी के मुकाबले इन प्रमुख पदों पर संख्या कम है।

आठ महीने से खाली है संगठन महामंत्री का पद

मध्यप्रदेश भाजपा में प्रदेश संगठन महामंत्री का पद भी करीब आठ महीने से रिक्त है। पूर्व संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में वापस जाने के बाद से यह पद खाली है। हितानंद शर्मा को संघ में मध्य क्षेत्र का सह बौद्धिक प्रमुख बनाया गया है।

फिलहाल प्रदेश संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल के पास है। ऐसे में प्रदेश संगठन में खाली पदों पर होने वाली नियुक्तियों के साथ संगठन महामंत्री के पद को लेकर भी नजर बनी हुई है।

पदाधिकारियों की संख्या बढ़ाने की फिलहाल गुंजाइश नहीं

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने साफ किया है कि फिलहाल उनकी टीम में उपाध्यक्ष, महामंत्री और मंत्री जैसे पदों की संख्या बढ़ाने की संभावना नहीं है। उन्होंने बताया कि पिछली कार्यकारिणी के समय केंद्रीय नेतृत्व से विशेष अनुमति मिली थी जबकि इस बार ऐसी अनुमति नहीं मिली है।

ये भी पढ़ें: CM हाउस से फोन आते ही दौड़ी 10 पुलिस वालों की टीम !लूट का मामला दबा थाने में, ऊपर खबर पहुंची तो फिर दौड़ी पुलिस

हेमंत खंडेलवाल से सीधी बातचीत

सवाल: संगठन में खाली पदों पर नियुक्तियां कब तक पूरी होने की उम्मीद है?

जवाब: आगामी दो सप्ताह में सभी नियुक्तियां पूरी हो जाएंगी।

सवाल: पिछली कार्यकारिणी की तुलना में इस बार महामंत्री, उपाध्यक्ष और मंत्रियों की संख्या कम है। क्या आगे और नियुक्तियां होंगी?

जवाब: पिछली बार केंद्रीय नेतृत्व ने विशेष अनुमति दी थी। इस बार ऐसी अनुमति नहीं मिली है। इसलिए फिलहाल पदों की संख्या बढ़ाने की कोई संभावना नहीं है।

सवाल: पंचायत उपचुनाव, स्थानीय निकाय और सहकारिता चुनावों को लेकर संगठन की तैयारी कैसी है?

जवाब: खाली पद जल्द ही भर दिए जाएंगे। निचले स्तर के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में जुटने के लिए कहा गया है।

सवाल: कुछ प्रकोष्ठ, अल्पसंख्यक मोर्चा और जिलों में मोर्चा-मंडलों की टीमें अभी नहीं बनी हैं।

जवाब: हां, इन सभी नियुक्तियों के लिए प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

ये भी पढ़ें: जन्माष्टमी को लेकर कटनी पुलिस अलर्ट, मंदिरों से लेकर ट्रैफिक तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

चुनाव से पहले संगठन को पूरी तरह सक्रिय करने की तैयारी

पंचायत उपचुनाव के साथ आने वाले नगरीय निकाय और सहकारिता चुनाव भाजपा के लिए संगठनात्मक स्तर पर भी अहम माने जा रहे हैं। ऐसे में पार्टी अब प्रदेश से लेकर जिला और मंडल स्तर तक खाली पदों को जल्द भरकर संगठन को सक्रिय करने की कोशिश में है।

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हो चुकी है और राष्ट्रीय टीम का गठन भी पूरा हो गया है। अब प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर बची नियुक्तियां पूरी होने के बाद पार्टी का फोकस चुनावी तैयारियों पर और ज्यादा बढ़ने की उम्मीद है।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts