सूजन घटाने का नया फिटनेस ट्रेंड! क्या सच में काम करती है लिम्फैटिक वॉकिंग?

क्या खाना खाने के बाद पेट फूल जाता है या लंबे समय तक बैठने से पैरों में भारीपन महसूस होता है? इन परेशानियों के बीच सोशल मीडिया पर लिम्फैटिक वॉकिंग चर्चा में है। इसे एक आसान तरीका बताया जा रहा है, जिसमें सीधे खड़े होकर चलने, गहरी सांस लेने और हाथों को स्वाभाविक रूप से हिलाने पर ध्यान दिया जाता है। दावा है कि रोजाना सिर्फ 10 मिनट की यह वॉक सूजन और ब्लोटिंग कम करने में मदद कर सकती है। लेकिन क्या इसके पीछे वैज्ञानिक आधार है? आइए, समझते हैं कि यह कैसे काम करती है और इसकी सीमाएं क्या हैं।
क्या है लिम्फैटिक सिस्टम और कैसे करता है काम?
लिम्फैटिक सिस्टम शरीर का एक जरूरी हिस्सा है। इसमें लिम्फ नाम का तरल पदार्थ, छोटी नलिकाएं और लिम्फ नोड्स शामिल होते हैं। यह शरीर में अतिरिक्त तरल पदार्थ को वापस रक्त प्रवाह तक पहुंचाने और रोगों से लड़ने में मदद करता है। दिल की तरह इस सिस्टम में कोई एक पंप नहीं होता। मांसपेशियों की हलचल और सांस लेने से लिम्फ के बहाव में मदद मिलती है। जब कोई व्यक्ति लंबे समय तक एक ही जगह बैठा रहता है, तो कुछ स्थितियों में पैरों में तरल जमा होने और भारीपन महसूस होने की परेशानी बढ़ सकती है।
10 मिनट की वॉक से क्या मिल सकता है फायदा?
लिम्फैटिक वॉकिंग में शरीर को सीधा रखकर चलने, आराम से गहरी सांस लेने और हाथों को स्वाभाविक रूप से हिलाने पर ध्यान दिया जाता है। इसका मकसद शरीर की मांसपेशियों को सक्रिय रखना और तरल पदार्थों के सामान्य बहाव में मदद करना है। हालांकि, सिर्फ 10 मिनट चलने से हर तरह की सूजन दूर होने की गारंटी नहीं है। सामान्य वॉक भी मांसपेशियों को सक्रिय करती है और लंबे समय तक बैठे रहने के कारण होने वाले भारीपन में मदद कर सकती है। खास तरीके से चलने पर सामान्य वॉक से ज्यादा फायदा होता है, इसके पर्याप्त वैज्ञानिक प्रमाण अभी उपलब्ध नहीं हैं।
बच्चों को भी हो सकता है गठिया! सुबह उठते ही जोड़ों में दर्द, अकड़न और सूजन को न समझें मामूली
ब्लोटिंग में कितनी असरदार है यह वॉक?
पेट फूलने यानी ब्लोटिंग की वजह हमेशा शरीर में पानी जमा होना नहीं होती। गैस, कब्ज, कुछ खाद्य पदार्थों को पचाने में परेशानी और आंतों से जुड़ी समस्याएं भी इसकी वजह हो सकती हैं। खाना खाने के बाद 10 से 15 मिनट तक हल्की वॉक करने से कुछ लोगों को पेट के भारीपन और गैस से राहत मिल सकती है। नियमित शारीरिक गतिविधि पाचन और मल त्याग की आदतों को बेहतर बनाने में भी मदद कर सकती है। लेकिन लिम्फैटिक वॉकिंग को ब्लोटिंग का पक्का इलाज नहीं माना जा सकता।
क्या इससे वजन और पेट की चर्बी घटती है?
लिम्फैटिक वॉकिंग को लेकर एक दावा यह भी है कि इससे शरीर पतला दिखने लगता है। लेकिन वॉक के बाद सूजन कम महसूस होना और शरीर की चर्बी घटना दो अलग-अलग बातें हैं। अगर शरीर में अतिरिक्त तरल जमा होने के कारण सूजन है, तो उसमें बदलाव से कुछ समय के लिए हल्कापन महसूस हो सकता है। इसका मतलब यह नहीं कि शरीर की चर्बी कम हो गई है या टॉक्सिन बाहर निकल गए हैं। वजन घटाने के लिए नियमित व्यायाम, संतुलित खानपान और अच्छी नींद ज्यादा महत्वपूर्ण हैं।
Rib Modeling Surgery: कॉर्सेट जैसी कमर पाने का नया ट्रेंड, पर क्या सुरक्षित है रिब मॉडलिंग सर्जरी?
किन लक्षणों में डॉक्टर से मिलना जरूरी है?
अगर आप दिनभर बैठे रहते हैं, तो बीच-बीच में उठकर चलना और रोजाना हल्की वॉक करना अच्छी आदत हो सकती है। पर्याप्त पानी पीना और कब्ज से बचने के लिए खानपान पर ध्यान देना भी उपयोगी है लेकिन लगातार सूजन को केवल कम चलने का नतीजा न मानें। पैरों में अचानक सूजन, दर्द या लालिमा हो, खासकर एक ही पैर में, तो तुरंत चिकित्सा सलाह लें। सांस लेने में परेशानी के साथ सूजन हो तो आपातकालीन मदद लें। पेट लगातार फूलने, तेज दर्द, उल्टी या बिना कारण वजन घटने पर भी डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है।




















