Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

‘धूम’ से ‘फर्जी’ तक, क्राइम की दुनिया की 7 दमदार कहानियां, ‘चार यार’ से पहले जरूर देखें

‘चार यार’ के प्रीमियर से पहले देखें क्राइम और साजिशों से भरी 7 शानदार फिल्में और सीरीज। ‘धूम’, ‘डॉन’, ‘फर्जी’, ‘बंटी और बबली’, ‘स्पेशल 26’ और ‘क्रू’ जैसी कहानियां लूट, ठगी और धोखे का रोमांच दिखाती हैं। प्राइम वीडियो की नई सीरीज ‘चार यार’ 23 अक्टूबर 2026 को रिलीज होगी।
‘धूम’ से ‘फर्जी’ तक, क्राइम की दुनिया की 7 दमदार कहानियां, ‘चार यार’ से पहले जरूर देखें

बड़ी लूट, शातिर ठगी, नकली नोट और खतरनाक साजिशें… क्राइम की दुनिया पर बनी कहानियों में रोमांच तब बढ़ जाता है, जब हर चाल के पीछे कोई नया राज छिपा हो। बॉलीवुड फिल्मों से लेकर OTT सीरीज तक, ऐसी कई कहानियां दर्शकों को आखिरी पल तक बांधे रखती हैं। अब इसी दुनिया में एक नई कहानी लेकर आ रही है प्राइम वीडियो की हिंदी ओरिजिनल सीरीज ‘चार यार’। इसके प्रीमियर से पहले नजर डालते हैं क्राइम, धोखे और अप्रत्याशित मोड़ों से भरी ऐसी 7 फिल्मों और सीरीज पर, जिन्हें देखना आपके लिए दिलचस्प हो सकता है।

1. धूम: तेज रफ्तार बाइक और शातिर चोरों का खेल

‘धूम’ में तेज रफ्तार बाइक, बड़ी-बड़ी लूट और पुलिस से आगे निकलने की कोशिश करते शातिर चोरों का रोमांचक खेल देखने को मिलता है। फिल्म में जॉन अब्राहम ने कबीर का किरदार निभाया है, जो लूट की कई वारदातों को अंजाम देता है। वहीं, अभिषेक बच्चन के किरदार जय दीक्षित और उदय चोपड़ा के किरदार अली की जिम्मेदारी उसे पकड़ने की होती है। शानदार चेज सीक्वेंस, स्टाइलिश चोर और एक के बाद एक लूट की घटनाएं इस फिल्म को क्राइम और एक्शन पसंद करने वालों के लिए खास बनाती हैं।

2. डॉन: असली पहचान का खतरनाक खेल

अंडरवर्ल्ड की दुनिया, पहचान का धोखा और ऐसे ट्विस्ट, जो पूरी कहानी को बदल देते हैं। शाहरुख खान की फिल्म ‘डॉन’ इसी रोमांच से भरी है। कहानी में विजय को डॉन के हमशक्ल के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है, ताकि पुलिस अपराध की दुनिया के नेटवर्क तक पहुंच सके। लेकिन जब पहचान और सच्चाई के बीच का अंतर धुंधला होने लगता है, तो हर किरदार पर शक होने लगता है। प्रियंका चोपड़ा जोनस, अर्जुन रामपाल, करीना कपूर खान और बोमन ईरानी भी फिल्म में अहम भूमिकाओं में हैं।

3. फर्जी: नकली नोटों से शुरू हुआ बड़ा खेल

प्राइम वीडियो की सीरीज ‘फर्जी’ में सनी नाम का एक प्रतिभाशाली आर्टिस्ट अपने परिवार के प्रिंटिंग प्रेस को बचाने की कोशिश करता है। लेकिन हालात उसे नकली नोटों के कारोबार की तरफ ले जाते हैं। शुरुआत में आसान दिखने वाला यह रास्ता धीरे-धीरे खतरनाक बन जाता है। जैसे-जैसे सनी का काम बड़ा होता है, वैसे-वैसे उसके सामने खतरे भी बढ़ते जाते हैं। दूसरी तरफ, विजय सेतुपति का किरदार माइकल उसे पकड़ने की कोशिश में लगा रहता है। राज और डीके की बनाई यह सीरीज अपराध, महत्वाकांक्षा और कानून के बीच चलने वाले चूहे-बिल्ली के खेल को दिखाती है।

Entertainment

4. बंटी और बबली: सपनों के लिए ठगी का रास्ता

हर ठगी के पीछे बंदूक या किसी बड़े गैंग का होना जरूरी नहीं। ‘बंटी और बबली’ में राकेश और विम्मी अपने बड़े सपनों को पूरा करने के लिए ठगी का रास्ता चुनते हैं। छोटे शहर से निकलकर दोनों अपनी चालाकी के दम पर लोगों को निशाना बनाते हैं। ताजमहल बेचने जैसी अनोखी ठगी से लेकर अमीर लोगों को चकमा देने तक, दोनों की हर चाल कहानी को मजेदार बनाती है। लेकिन उनका खेल तब मुश्किल में पड़ जाता है, जब अमिताभ बच्चन का किरदार उनके पीछे पड़ जाता है। यह फिल्म दिखाती है कि महत्वाकांक्षा और जुगाड़ का खेल किस तरह परेशानी में बदल सकता है।

5. स्पेशल 26: नकली छापे और असली चालाकी

‘स्पेशल 26’ में ठगी का तरीका बेहद अलग है। ठगों का एक गिरोह खुद को सीबीआई और आयकर विभाग का अधिकारी बताकर अमीर कारोबारियों और प्रभावशाली लोगों के यहां छापे मारता है। उनका पूरा खेल इस बात पर टिका है कि नकली कार्रवाई को असली कैसे दिखाया जाए। अक्षय कुमार, अनुपम खेर, मनोज बाजपेयी और जिमी शेरगिल जैसे कलाकारों से सजी यह फिल्म लगातार बढ़ते शक और जांच के बीच रोमांच बनाए रखती है। जैसे-जैसे पुलिस गिरोह के करीब पहुंचती है, वैसे-वैसे उसके लिए बच निकलना मुश्किल होता जाता है।

6. क्रू: मजबूरी से गोल्ड स्मगलिंग तक

'क्रू' में तीन फ्लाइट अटेंडेंट की जिंदगी उस वक्त बदल जाती है, जब वे आर्थिक परेशानियों के बीच गोल्ड स्मगलिंग के एक मामले में उलझ जाती हैं। करीना कपूर खान, तब्बू और कृति सेनन ने फिल्म में गीता, जैस्मिन और दिव्या का किरदार निभाया है। बेहतर जिंदगी की तलाश में शुरू हुआ उनका सफर जल्द ही जोखिम भरा बन जाता है। कॉमेडी, धोखे और मुश्किल हालात के बीच तीनों को ऐसे फैसले लेने पड़ते हैं, जिनके नतीजे उनके अनुमान से बिल्कुल अलग होते हैं।

7. चार यार: चार दोस्तों का एक फैसला और क्राइम की दुनिया

प्राइम वीडियो की आगामी हिंदी ओरिजिनल सीरीज ‘चार यार’ चार मिडिल क्लास दोस्तों की कहानी है, जिनका एक गलत फैसला उन्हें अपराध की दुनिया में खींच लेता है। 2000 के दशक की शुरुआत के मुंबई में सेट इस सीरीज के मुख्य किरदार जय, टोनी, साहिल और समीर हैं। चारों दोस्त एक ऐसे रास्ते पर पहुंच जाते हैं, जहां उनका सामना गैंगस्टर्स और पुलिस से होता है। जैसे-जैसे उनके प्लान बिगड़ते हैं, मुश्किलें बढ़ती जाती हैं। तेज रफ्तार कार चोरियों और खतरनाक मुठभेड़ों के बीच उन्हें अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष करना पड़ता है। सीरीज में पूरव झा, नमन जैन, साकिब अयूब और प्रयाग मेहता मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके साथ साईं तम्हाणकर, सिकंदर खेर, दिब्येंदु भट्टाचार्य, राजेश तैलंग, चंकी पांडे और भगवती पेरुमल भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे। आठ एपिसोड वाली यह सीरीज दिखाएगी कि एक गलत फैसला किस तरह चार दोस्तों की जिंदगी बदल सकता है।

कब और कहां देखें ‘चार यार’?

‘धूम’ की लूट से लेकर ‘फर्जी’ के नकली नोटों और ‘स्पेशल 26’ की शातिर ठगी तक, इन कहानियों में अपराध की दुनिया के अलग-अलग रंग देखने को मिलते हैं। अब ‘चार यार’ भी चार दोस्तों की ऐसी ही कहानी लेकर आ रही है, जहां एक फैसला उन्हें ऐसे खतरनाक खेल में फंसा देता है, जिससे बाहर निकलना आसान नहीं होगा। 'चार यार' का प्रीमियर 23 अक्टूबर 2026 को प्राइम वीडियो पर होगा।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts