Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

‘तू है मेरी किरण’ की रिलीज पर संकट! बॉम्बे हाई कोर्ट ने क्यों लगाई रोक?

सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की फिल्म ‘तू है मेरी किरण’ रिलीज से पहले कानूनी विवाद में फंस गई। सह-निर्माता कंपनी ने ₹8.85 करोड़ के निवेश की वापसी नहीं होने का आरोप लगाया। बॉम्बे हाई कोर्ट ने कुछ शर्तों के साथ फिल्म की रिलीज की अनुमति दी है। फिल्म 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
‘तू है मेरी किरण’ की रिलीज पर संकट! बॉम्बे हाई कोर्ट ने क्यों लगाई रोक?

अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की फिल्म ‘तू है मेरी किरण’ रिलीज से पहले कानूनी विवाद में घिर गई। फिल्म की सह-निर्माता कंपनी ने दूसरी प्रोडक्शन कंपनी पर समझौते के उल्लंघन और निवेश की रकम वापस नहीं करने का आरोप लगाया। मामला बॉम्बे हाई कोर्ट पहुंचा, जहां कोर्ट ने कुछ शर्तों के साथ फिल्म की रिलीज की अनुमति दे दी। वहीं, निर्माताओं को ₹8.85 करोड़ की रकम और उस पर ब्याज से जुड़े आदेश का पालन करना होगा। फिल्म 23 अक्टूबर 2026 को रिलीज होने वाली है।

₹8.85 करोड़ के निवेश को लेकर क्या है विवाद?

फिल्म की सह-निर्माता कंपनी 'एंड मूवी प्रोडक्ट्स LLP' ने ‘एशेलॉन प्रोडक्शंस’ के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिका के मुताबिक, दोनों कंपनियों के बीच फिल्म के निर्माण के लिए एक समझौता हुआ था। इसके तहत दोनों को ₹7.5-7.5 करोड़ का निवेश करना था। याचिकाकर्ता कंपनी का दावा है कि उसने मार्च 2024 से जनवरी 2025 के बीच फिल्म में करीब ₹8.85 करोड़ का निवेश किया।

आरोप है कि समझौते के समय यह रकम फिल्म की रिलीज से पहले लौटाने का वादा किया गया था, लेकिन भुगतान नहीं किया गया। कंपनी ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी जानकारी और सहमति के बिना फिल्म की थिएटर और OTT रिलीज की योजनाएं बनाई गईं। इसी आधार पर उसने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने और निवेश की रकम ब्याज सहित वापस दिलाने की मांग की।

Entertainment

बॉम्बे हाई कोर्ट ने क्या फैसला सुनाया?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बॉम्बे हाई कोर्ट ने फिल्म की रिलीज पर पूरी तरह रोक लगाने के बजाय कुछ शर्तों के साथ इसे रिलीज करने की अनुमति दी। रिपोर्ट के अनुसार, एशेलॉन प्रोडक्शंस को ₹8.85 करोड़ की रकम पर सालाना 15 प्रतिशत ब्याज के हिसाब से भुगतान से जुड़ी शर्त का पालन करना होगा। फिल्म की रिलीज के लिए अदालत में रकम जमा कराने की शर्त भी बताई गई है। इस फैसले से फिल्म की रिलीज का रास्ता खुला है, लेकिन निर्माताओं को अदालत के निर्देशों का पालन करना होगा।

प्रोड्यूसर विशाल राणा ने क्या कहा?

विवाद के बीच फिल्म के प्रोड्यूसर विशाल राणा ने गुरुवार को बयान जारी कर कहा कि कुछ मुद्दे थे, जिन पर ध्यान देने की जरूरत थी और उन्हें सुलझा लिया गया है। उन्होंने कहा कि अब सब ठीक है और टीम अपनी योजना के मुताबिक 23 अक्टूबर को फिल्म रिलीज करने की तैयारी कर रही है। राणा के मुताबिक, फिल्म को दर्शकों तक पहुंचाना टीम का लक्ष्य रहा है और वे इसकी थिएटर रिलीज का इंतजार कर रहे हैं।

सोनाक्षी और जहीर साथ आएंगे नजर

'तू है मेरी किरण' में सोनाक्षी सिन्हा एक बार फिर बड़े पर्दे पर नजर आएंगी। फिल्म में उनके साथ उनके पति और अभिनेता जहीर इकबाल भी दिखाई देंगे। फिल्म का लेखन और निर्देशन करण रावल ने किया है। इसका निर्माण सर्वेश गोयल, अश्वनी कुमार, मनोज दराक और नृपाल पटेल ने मिलकर किया है। अब फिल्म की रिलीज के साथ-साथ निर्माताओं के बीच हुए विवाद और अदालत की शर्तों को लेकर भी दर्शकों की नजरें बनी हुई हैं।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts