लखनऊ अग्निकांड :केंद्र से 2 लाख, राज्य से 5 लाख; पीड़ित परिवारों के लिए मदद का ऐलान

लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड के बाद केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार दोनों पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी नजर आ रही हैं। हादसे के बाद जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल लखनऊ पहुंचकर घायलों का हाल जाना और आर्थिक सहायता की घोषणा की, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मुआवजे का ऐलान किया है। घटना के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी हलचल तेज हो गई है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री योगी
हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना निर्धारित कार्यक्रम बीच में छोड़ा और सीधे लखनऊ पहुंचे। इसके बाद उन्होंने केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर भर्ती घायलों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली और सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अस्पताल में मौजूद परिजनों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है और किसी भी पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
राज्य सरकार ने 5 लाख रुपये सहायता का किया ऐलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इसके अलावा गंभीर रूप से घायल लोगों को 50-50 हजार रुपए की अनुग्रह राशि देने का भी फैसला किया गया है। सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सहायता राशि जल्द से जल्द प्रभावित परिवारों तक पहुंचाई जाए।
दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस किसी की भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दोषियों को हर हाल में जवाबदेह बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही फायर सेफ्टी व्यवस्था और अन्य सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया शोक
लखनऊ की इस दुखद घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह हादसा बेहद पीड़ादायक है और केंद्र सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
ये भी पढ़ें: 'पापा बचाओ... आग लग गई है' : बेटे के आखिरी फोन ने बयां किया लखनऊ हादसे का दर्द
केंद्र और राज्य सरकार से मिलेगी कुल कितनी सहायता?
सरकारी घोषणाओं के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से 5 लाख रुपये और प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपए मिलेंगे। यानी मृतकों के परिजनों को 7 लाख रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं गंभीर रूप से घायल लोगों को राज्य सरकार की ओर से 50 हजार रुपए और केंद्र सरकार की ओर से 50 हजार रुपए की सहायता मिलेगी। इस तरह घायलों को कुल 1 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।












