Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Bhopal News : बैरागढ़ में रिटायर्ड जूनियर ऑडिटर के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा, डायमंड ज्वेलरी और करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज मिले

Follow on Google News
Bhopal News : बैरागढ़ में रिटायर्ड जूनियर ऑडिटर के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा, डायमंड ज्वेलरी और करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज मिले
भोपाल। बैरागढ़ के लक्ष्मण नगर में रहने वाले तकनीकी शिक्षा विभाग के रिटायर्ड जूनियर ऑडिटर रमेश हिंगोरानी के बंगले पर लोकायुक्त की टीम ने बुधवार सुबह को छापा मारा है। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद की गई है, जिसमें हिंगोरानी परिवार पर करोड़ों रुपए की संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। जानकारी के अनुसार, लोकायुक्त टीम ने सतपुड़ा भवन स्थित शिक्षा सचिवालय के तकनीकी शिक्षा विभाग में जूनियर ऑडिटर के पद पर पदस्थ रहे रमेश हिंगोरानी के बंगले और गांधीनगर स्थित लक्ष्मी देवी विकयोमल सर्राफ हायर सेकेंडरी स्कूल एवं किरण प्रेरणा स्कूल सहित कुल 6 ठिकानों पर एक साथ छापामार कार्रवाई की है।

आय से अधिक संपत्ति की शिकायत

लोकायुक्त टीम को रमेश हिंगोरानी एवं परिवार द्वारा भ्रष्टाचार एवं आय से अधिक अर्जित करोड़ों रुपए रियल एस्टेट में इन्वेस्ट करने की जानकारी मिली थी। कार्रवाई के दौरान टीम को आरोपी के ठिकानों से करोड़ों रुपए की चल-अचल संपत्ति के दस्तावेज मिले हैं। इसी के साथ भारी मात्रा में गोल्ड और डायमंड ज्वेलरी मिली है। वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें

महंगे वाहन और डायमंड ज्वेलरी मिली

लोकायुक्त को हिंगोरानी परिवार के बैरागढ़ के लक्ष्मण नगर बंगले पर क्रेटा व स्कॉर्पियो सहित 4 कार वाहन तथा 5 महंगे दोपहिया वाहन भी मिले। डायमंड एवं गोल्ड ज्वेलरी भारी मात्रा में मिली है, जिसकी जांच जारी है।

सरकारी जमीन पर बनाया था गार्डन

रमेश हिंगोरानी, उसके बेटे योगेश तथा निलेश पर गांधीनगर क्षेत्र में करोड़ों रुपए की सरकारी जमीन पर कब्जा कर उन्हें विक्रय करने के भी आरोप लगे थे। सरकारी जमीन पर कब्जा कर शादी गार्डन बनाया था, जिसे 2 साल पहले पूर्व लोकायुक्त के आदेश पर जिला प्रशासन ने तोड़ा था। रमेश हिंगोरानी व उसके बेटों ने सामाजिक संस्था लक्ष्मी देवी विकयोमल सराफा एजुकेशन सोसाइटी के तीन स्कूलों पर कब्जा जमा रखा है। शासकीय कर्मचारी को लाभ के पद पर रहने का अधिकार नहीं है। इसके बावजूद भी रमेश ने अपने दोनों बेटों को बगैर योग्यता के समिति के स्कूलों का संचालक बना रखा है और वेतन के रूप में मोटी राशि भी दी जा रही।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts