Sharad Kapoor: चार पालतू कुत्तों से बिछड़ते हुए रो पड़े अभिनेता शरद कपूर, बदला लुक देख फैंस भी हैरान

बॉलीवुड अभिनेता शरद कपूर एक बार फिर चर्चा में हैं। फिल्म 'जोश' में अपने दमदार किरदार से पहचान बनाने वाले शरद इस बार किसी फिल्म या नए प्रोजेक्ट को लेकर नहीं, बल्कि एक भावुक वीडियो की वजह से सुर्खियों में हैं। वीडियो में अभिनेता अपने चार पालतू कुत्तों से अलग होते हुए रोते नजर आ रहे हैं। उनकी बदली हुई पर्सनैलिटी देखकर भी फैंस हैरान हैं और सोशल मीडिया पर उनके लिए चिंता जता रहे हैं।
कभी अपने हैंडसम लुक्स से बटोरते थे सुर्खियां
शरद कपूर ने अपने करियर में कई फिल्मों में काम किया है, लेकिन उन्हें खास पहचान शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय बच्चन की फिल्म 'जोश' से मिली। लंबे कद, आकर्षक चेहरे और फिटनेस के चलते वह उस दौर में काफी चर्चा में रहते थे। हालांकि, समय के साथ वह फिल्मी दुनिया से दूर होते चले गए। लंबे समय से उन्हें किसी बड़ी फिल्म या सार्वजनिक कार्यक्रम में नहीं देखा गया। अब सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में उनका लुक पहले से काफी बदला हुआ नजर आ रहा है। उनके चेहरे पर सफेद दाढ़ी और उम्र के निशान दिखाई दे रहे हैं।
मजबूरी में चार पालतू कुत्तों से हुए अलग
दरअसल, मुंबई के बेजुबान पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट की संस्थापक हेमा चौधरी ने शरद कपूर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। इसमें अभिनेता अपने चार पालतू कुत्तों को कुछ समय के लिए एनिमल वेलफेयर सेंटर भेजते दिखाई दे रहे हैं। हेमा चौधरी के मुताबिक, शरद फिलहाल कुछ शारीरिक परेशानियों से गुजर रहे हैं और उन्हें खुद भी देखभाल की जरूरत है। उनके घर में पत्नी और नवजात बच्चा भी है। ऐसे में चार पालतू कुत्तों की जिम्मेदारी संभालना परिवार के लिए मुश्किल हो रहा है। घर में उनकी देखभाल के लिए कोई नियमित केयरटेकर भी नहीं है। इसी वजह से फिलहाल कुत्तों को YODA Mumbai के एनिमल वेलफेयर सेंटर में रखने का फैसला किया गया है। यह व्यवस्था अस्थायी है और परिस्थितियां बेहतर होने तक जारी रहेगी।
कुत्तों से बिछड़ते हुए छलके आंसू
वीडियो में शरद अपने पालतू कुत्तों से दूर होने की बात करते हुए भावुक हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि घर की मौजूदा स्थिति ठीक नहीं है, लेकिन नया बंगला बनने के बाद वह YODA से अपने कुत्तों को वापस देने की गुजारिश करेंगे। अभिनेता ने कहा, 'इस घर के बाद जब मेरा नया बंगला बनेगा, तब मैं YODA से कहूंगा कि प्लीज मेरे बच्चों को वापस दे दीजिए, क्योंकि मैं इनके बिना नहीं रह सकता।' उन्होंने यह भी कहा कि उनसे अलग होकर उनके कुत्ते भी उदास हो जाएंगे। शरद ने जानवरों के प्रति अपना प्यार जाहिर करते हुए कहा कि वह भावुक इंसान हैं और किसी के साथ क्रूरता नहीं कर सकते।
दोस्त ने की ट्रोल न करने की अपील
हेमा चौधरी ने वीडियो साझा करते हुए लोगों से शरद को ट्रोल नहीं करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह जानवरों के साथ क्रूरता का मामला नहीं है, बल्कि अभिनेता की निजी परिस्थितियों के चलते लिया गया मुश्किल फैसला है। हेमा के मुताबिक, वह शरद को करीब 30 साल से जानती हैं। उनकी स्थिति के बारे में पता चलने पर वह उनसे मिलने पहुंची थीं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोग अभिनेता के प्रति सहानुभूति जता रहे हैं। फैंस का कहना है कि मुश्किल समय में उन्हें आलोचना नहीं, बल्कि सहयोग और समझ की जरूरत है।




















