Vaibhav Sooryavanshi : 15 साल के वैभव सूर्यवंशी बने बिहार टीम के कप्तान, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में संभालेंगे कमान

युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को बिहार की सीनियर क्रिकेट टीम की कप्तानी सौंपी गई है। उन्हें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए 17 सदस्यीय टीम का कप्तान बनाया गया है। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने शुक्रवार को टीम का ऐलान किया। सूरज कश्यप को टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है। वैभव पहली बार बिहार की सीनियर टीम की कप्तानी करेंगे।
14 नवंबर को सौराष्ट्र के खिलाफ पहला मुकाबला
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 14 नवंबर से शुरू हो रही है। बिहार अपने अभियान की शुरुआत इंदौर में सौराष्ट्र के खिलाफ मुकाबले से करेगा। इस टूर्नामेंट में बिहार को ग्रुप-B में रखा गया है। ग्रुप में दिल्ली, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, रेलवे, सौराष्ट्र और तमिलनाडु की टीमें भी शामिल हैं। वैभव शुरुआती दो मैचों में बिहार की कप्तानी करेंगे। टीम के बाकी मुकाबलों में कप्तानी को लेकर क्या फैसला होगा, इसकी जानकारी अभी नहीं दी गई है।
IPL 2026 में 776 रन बनाकर छाए थे वैभव
वैभव सूर्यवंशी IPL में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हैं। IPL 2026 में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 16 पारियों में 776 रन बनाए थे। वह इस सीजन टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 237 से ज्यादा था। वैभव भारतीय T20 इंटरनेशनल टीम के लिए भी खेल चुके हैं। अब तक उन्होंने 10 T20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे T20 इंटरनेशनल मैच में उन्होंने 19 गेंदों पर 45 रन बनाए थे। अभिषेक शर्मा के साथ उनकी ओपनिंग साझेदारी में 133 रन बने थे।
अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में खेली थी 175 रन की पारी
वैभव ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों पर 175 रन बनाए थे। उनकी इस पारी की बदौलत भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबला 100 रन से जीता था। अब उन्हें बिहार की सीनियर टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी दी गई है।
BCA अध्यक्ष ने कप्तानी को लेकर क्या कहा?
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने कहा कि कप्तानी मिलने से वैभव को एक लीडर के तौर पर आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि वैभव ने कम उम्र में ही अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और समझदारी दिखाई है। एसोसिएशन को उम्मीद है कि उनकी कप्तानी में टीम अनुशासन के साथ अच्छा प्रदर्शन करेगी।
सहवाग के बेटे आर्यवीर की बल्लेबाजी का कमाल, भारत ने नेपाल को बुरी तरह हराया
बिहार की 17 सदस्यीय टीम
बिहार की टीम में वैभव सूर्यवंशी (कप्तान), आलोक कुमार, आयुष लोहारुका (विकेटकीपर), अल्तमश अशरफ, परम कुमार सिंह, अनमोल कुमार (विकेटकीपर), ऋत्विक राज, सूरज कश्यप (उपकप्तान), मयंक कुमार, राघवेंद्र प्रताप, आशीष कुमार, वासुदेव प्रताप सिंह, मोहम्मद इजहार, अमोद यादव, प्रशांत सिंह, नवाज खान और हिमांशु सिंह को शामिल किया गया है। स्टैंडबाय खिलाड़ियों में बिपिन सौरभ, सुमन कुमार, आकाश राज, खालिद आलम, भास्कर दुबे, कुमार रजनीश, सुयश, अभिजीत साकेत, यशस्वी ऋषभ, लखन राजा, पवन कुमार, अमित चौधरी, पीयूष सिंह, भानु कुमार, लोकेश बाबूलाल कुमार और प्रशांत श्रीवास्तव के नाम हैं। मंगल महौर और शाकिब हुसैन की उपलब्धता बिहार के शुरुआती दो मैचों के बाद फिटनेस जांच के आधार पर तय होगी।




















