Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

हरतालिका तीज पर कुबेरेश्वरधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, दो क्विंटल फूलों से सजा भव्य फूलेरा

हरतालिका तीज पर कुबेरेश्वरधाम में भक्ति का अद्भुत नजारा दिखा। दो क्विंटल फूलों से सजे फूलेरे के दर्शन को हजारों श्रद्धालु पहुंचे। काशी के संतों ने शिव अभिषेक कर सनातन संस्कृति का संदेश दिया।
दो क्विंटल फूलों से सजा भव्य फूलेरा

सीहोर। हरतालिका तीज के पावन अवसर पर चितावलिया हेमा स्थित निर्माणाधीन मुरली मनोहर एवं कुबेरेश्वर महादेव मंदिर परिसर में सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने से पूरा धाम शिवमय हो गया। भगवान शिव के जयकारों और भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस अवसर पर दो क्विंटल से अधिक फूलों से तैयार किए गए आकर्षक फूलेरे ने श्रद्धालुओं का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

दो क्विंटल फूलों से सजा भव्य फूलेरा

हरतालिका तीज पर कुबेरेश्वरधाम में विशेष रूप से तैयार किए गए फूलेरे के दर्शन के लिए दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंचती रही। दो क्विंटल से अधिक फूलों से सजे इस फूलेरे को बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया था। महिला श्रद्धालुओं ने फूलेरे के दर्शन कर भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

एक लोटा जल से शिव का अभिषेक, गूंजे जयकारे

सुबह से ही श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और अभिषेक के लिए धाम पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को श्रद्धापूर्वक एक लोटा जल अर्पित कर अभिषेक किया। इसके बाद भगवान शिव-माता पार्वती, भगवान राम-माता सीता और भगवान श्रीकृष्ण-राधा के दर्शन किए। मंदिर परिसर में लगातार गूंजते जयकारों और भक्ति गीतों ने वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया।

भजन-कीर्तन में रमा महिला श्रद्धालुओं का मन

हरतालिका तीज के अवसर पर बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन किया। महिलाओं ने भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना करते हुए पारंपरिक भक्ति गीत प्रस्तुत किए। श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति से धाम परिसर में ऐसा माहौल बना, मानो हर ओर शिव नाम की गूंज हो रही हो।

काशी के संतों ने किया भगवान शिव का अभिषेक

इस अवसर पर काशी से पधारे संत देवगिरी एवं पंडित अर्जुन शास्त्री ने भी कुबेरेश्वरधाम पहुंचकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। उन्होंने धाम के विभिन्न स्थानों का भ्रमण किया और कथा स्थल, भोजनशाला सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से भी चर्चा की।

पंडित प्रदीप मिश्रा ने सनातन को मजबूत किया-संत देवगिरी

संत देवगिरी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने भगवान शिव की भक्ति को सहज तरीके से जन-जन तक पहुंचाने और सनातन धर्म को मजबूत करने का कार्य किया है। उनकी शिव महापुराण कथाओं से प्रेरणा लेकर बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक भगवान शिव की भक्ति से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के अनेक धार्मिक स्थलों पर अब श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है और यह सनातन संस्कृति के प्रति बढ़ते जुड़ाव का प्रमाण है।

‘वसुधैव कुटुम्बकम’ का संदेश देती है सनातन संस्कृति

संत देवगिरी ने कहा कि भारत को विश्व गुरु बनाने की क्षमता उसकी सनातन संस्कृति में निहित है। सनातन धर्म ने पूरी दुनिया को ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ का संदेश दिया है। हमारी संस्कृति सभी को साथ लेकर चलने और मानवता की सेवा का मार्ग दिखाती है। उन्होंने कहा कि शिव भक्ति का प्रभाव अब देश ही नहीं, बल्कि विश्वभर में दिखाई दे रहा है।

गाजे-बाजे के साथ विराजे भगवान गणेश

कुबेरेश्वरधाम में सोमवार को गणेश उत्सव भी धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। धाम परिसर स्थित मुरली मनोहर मंदिर में गाजे-बाजे और भक्तिमय वातावरण के बीच भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा विराजमान कराई गई। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और विघ्नों के निवारण की कामना की।

ये भी पढ़ें: सिवनी मालवा की संकरी सड़क बनी मुसीबत,गांधी चौक से रेंज ऑफिस तक रोज जाम; पैदल निकलना भी मुश्किल

गणेशजी को लगाया 1100 लड्डुओं का भोग

भगवान गणेश की स्थापना के बाद उन्हें 1100 लड्डुओं का भोग लगाया गया। पूजा-अर्चना और आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और धार्मिक आयोजन में सहभागिता की।

ये भी पढ़ें: हसदेव नदी के तेज बहाव में बही महिला,चांपा पुलिस की रेस्क्यू ऑपरेशन से बची महिला की जान

काशी से आए संतों का पुष्पमाला-अंगवस्त्र से सम्मान

काशी से पधारे संत देवगिरी एवं पंडित अर्जुन शास्त्री का विठलेश सेवा समिति की ओर से आत्मीय स्वागत और सम्मान किया गया। पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला एवं कथा वाचक पंडित राघव मिश्रा सहित अन्य संतों एवं पदाधिकारियों ने पुष्पमाला और अंगवस्त्र भेंट कर उनका सम्मान किया। संतों ने धाम में चल रही धार्मिक गतिविधियों और श्रद्धालुओं की सेवा के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...Read More

Latest Posts