सिवनी मालवा की संकरी सड़क बनी मुसीबत,गांधी चौक से रेंज ऑफिस तक रोज जाम; पैदल निकलना भी मुश्किल

सिवनी मालवा। नगर के सबसे व्यस्त मार्ग गांधी चौक से रेंज ऑफिस तक रोजाना लगने वाला जाम अब आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। मुख्य बाजार होने के कारण यहां दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। सड़क की कम चौड़ाई, अव्यवस्थित पार्किंग, हाथठेले और अतिक्रमण के कारण हालात और बिगड़ रहे हैं। जाम का असर आम लोगों के साथ एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं और स्कूली बच्चों पर भी पड़ रहा है।
कुछ मिनट का सफर, लग रहे 15-20 मिनट
स्थानीय लोगों के मुताबिक, गांधी चौक से रेंज ऑफिस तक का रास्ता तय करने में सामान्य दिनों में कुछ ही मिनट लगते हैं, लेकिन जाम के कारण 15 से 20 मिनट या उससे ज्यादा समय लग जाता है। त्योहारों के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। सोमवार को गणेश चतुर्थी और हरतालिका तीज के कारण बाजार में भीड़ बढ़ी तो मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई।
हाथठेलों और वाहनों से ठप हुआ यातायात
गांधी चौक और मुख्य मार्ग पर हाथठेले, दोपहिया और चारपहिया वाहन सड़क के किनारे खड़े होने से सड़क की चौड़ाई और कम हो गई। इसके चलते वाहनों की लंबी कतार लग गई। मामले की सूचना मिलने के बाद नगर निरीक्षक नवीन कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ गांधी चौक पहुंचे और यातायात व्यवस्था संभाली। इसके बाद आवागमन सुचारू हो सका।
नागरिकों की मांग- गांधी चौक से रेंज ऑफिस तक बने 10 मीटर सड़क
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का कहना है कि गांधी चौक से रेंज ऑफिस तक सड़क को भी 10 मीटर चौड़ा किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि बार-बार सड़क निर्माण करने के बजाय अभी से भविष्य की जरूरत को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त चौड़ाई की सड़क बनाई जाए। क्षेत्र के लोगों के मुताबिक, नगर के मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और व्यापारियों को भी फायदा मिलेगा। साथ ही आम लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं होगी।
बानापुरा से शुरू हुआ 10 मीटर सड़क का काम
नागरिकों के मुताबिक, लंबे इंतजार के बाद सिवनी मालवा नगर के मुख्य मार्ग को 10 मीटर चौड़ा करने की योजना पर काम शुरू हुआ है। ठेकेदार ने बानापुरा की ओर से निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। इससे लोगों में उम्मीद जगी है, लेकिन गांधी चौक से रेंज ऑफिस तक के बेहद संकरे हिस्से को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि क्या इसे भी योजना में शामिल किया जाएगा।
नपा की पार्किंग पर कब्जे का आरोप
नर्मदा मंदिर चौक के पास नगर पालिका ने कॉम्प्लेक्स के सामने पार्किंग की व्यवस्था की है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस पार्किंग पर नेताओं और रसूखदारों का कब्जा है। इसके चलते ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोग अपने वाहन मुख्य सड़क पर खड़े करने को मजबूर होते हैं। वाहनों के सड़क पर खड़े होने से रोजाना जाम की स्थिति बनती है। इससे व्यापारियों, महिलाओं, बच्चों और अन्य राहगीरों को परेशानी होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन और नगर पालिका को पार्किंग की स्थिति की जानकारी होने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।
त्योहारों में बढ़ जाती है परेशानी
नागरिकों का कहना है कि त्योहारों के दौरान बाजार में भीड़ बढ़ने से गांधी चौक और आसपास के मार्गों पर पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। आने वाले दिनों में त्योहारों का सिलसिला जारी रहने वाला है और दीपावली तक बाजार में भीड़ बढ़ने की संभावना है। ऐसे में यातायात व्यवस्था को लेकर अभी से ठोस इंतजाम की जरूरत है।
यातायात पुलिस की तैनाती के बाद भी सवाल
स्थानीय पत्रकारों की मांग के बाद सिवनी मालवा में यातायात निरीक्षक की पदस्थापना की गई है। लोगों का कहना है कि इससे शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद थी, लेकिन मुख्य बाजार और गांधी चौक पर पर्याप्त निगरानी की जरूरत है। शांति समिति की बैठक में नपाध्यक्ष रितेश जैन ने यातायात व्यवस्था में सहयोग के लिए चार नगर पालिका कर्मचारियों और एक वाहन उपलब्ध कराने की बात भी कही थी। नागरिकों का कहना है कि अगर यह व्यवस्था जल्द लागू होती है तो मुख्य मार्ग पर यातायात को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।
स्थायी समाधान चाहते हैं नागरिक
स्थानीय लोगों की मांग है कि अतिक्रमण हटाने के साथ गांधी चौक से रेंज ऑफिस तक सड़क का चौड़ीकरण किया जाए। साथ ही पार्किंग को अतिक्रमण से मुक्त कराकर वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। नागरिकों का कहना है कि त्योहारों के दौरान अस्थायी व्यवस्था के बजाय अब इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए।




















