TI दिलीप पुरी हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई, राहुल जायसवाल की तीन बसें जब्त

खातेगांव TI दिलीप पुरी हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस ने शराब तस्करी नेटवर्क के सरगना राहुल जायसवाल की तीन बसें बुधवार को अलग-अलग जगहों से जब्त की हैं। बसों में सवार यात्रियों को दूसरे वाहनों से उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क से जुड़ी आर्थिक और कारोबारी कड़ियों की जांच कर रही है।
बिजवाड़, कांटाफोड़ और डबल चौकी से जब्त की गईं बसें
सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने एक बस बिजवाड़, दूसरी कांटाफोड़ और तीसरी डबल चौकी से जब्त की। इनमें से दो बसें कांटाफोड़ थाने और एक बस डबल चौकी में खड़ी कराई गई है। पुलिस इन बसों के फिटनेस और परमिट से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। हालांकि पुलिस ने अब तक इस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
ये भी पढ़ें: TI को मिनी ट्रक से कुचलकर भागे ड्राइवर का शॉर्ट एनकाउंटर! आलीराजपुर में पुलिस ने दबोचा
गजेंद्र और धीरज गिरफ्तार, पुलिस कार्रवाई में लगी गोली
इससे पहले पुलिस ने फरार आयशर वाहन चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू और उसके सह आरोपी धीरज को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक दोनों ने अभिरक्षा से भागने और पुलिसकर्मियों के हथियार छीनकर उन पर हमला करने की कोशिश की। इसके बाद अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई जवाबी कार्रवाई में दोनों के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों को देवास जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें इंदौर रेफर कर दिया गया।
ये भी पढ़ें: टीआई की पत्नी का बड़ा आरोप- सेंधवा के नेता ने दी थी धमकी, कहा था- पुरी को नहीं छोड़ेंगे!
गजेंद्र पर था 10 हजार रुपए का इनाम
गजेंद्र उर्फ अक्कू घटना के बाद से फरार था। उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। बुधवार को उसे बरोठा थाना क्षेत्र में पकड़ा गया। वहीं धीरज पर बैंक नोट प्रेस (BNP) थाना क्षेत्र में पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश करने का आरोप है। पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े वाहनों, कारोबारी गतिविधियों और आर्थिक लेन-देन की कड़ियों की जांच कर रही है। राहुल जायसवाल की तीन बसों की जब्ती को इसी जांच का हिस्सा माना जा रहा है।




















