Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भिंड: स्कूल बस का इंतजार कर रही 11 साल की दीप्ती को दूसरी बस ने कुचला, मौत

भिण्ड के बिरखड़ी गांव में स्कूल बस की टक्कर से 11 वर्षीय छात्रा दीप्ती शर्मा की मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने बस में तोड़फोड़ की और NH-719 पर चक्काजाम किया।
भिंड: स्कूल बस का इंतजार कर रही 11 साल की दीप्ती को दूसरी बस ने कुचला, मौत
दुर्घटना स्थल पर खड़ी दुर्घटनाग्रस्त बस

भिण्ड के गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के ग्राम बिरखड़ी में बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में 11 वर्षीय छात्रा दीप्ती शर्मा की मौत हो गई। पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाली दीप्ती अपने पिता के साथ सड़क किनारे खड़ी होकर स्कूल गाड़ी का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान बच्चों को लेने गांव पहुंची तेज रफ्तार स्कूल बस ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बच्ची की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साई भीड़ ने हादसे में शामिल बस में तोड़फोड़ की और चालक के साथ मारपीट की। चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया। वहीं, परिजनों और ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-719 पर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

स्कूल बस का इंतजार कर रही थी दीप्ती

जानकारी के मुताबिक, बिरखड़ी गांव नेशनल हाईवे-719 से करीब 200 मीटर अंदर बसा है। बुधवार सुबह करीब 7 बजे विसम्बर शर्मा अपनी बेटी दीप्ती को स्कूल छोड़ने के लिए घर से निकले थे। वे गांव के अंदर बिरखड़ी रोड पर गोल चौराहे के पास वीरेन्द्र शर्मा के घर के सामने खड़े होकर स्कूल गाड़ी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान दूसरे स्कूल की बस क्रमांक MP07AD2544 बच्चों को लेने गांव पहुंची। आरोप है कि बस चालक जबर सिंह तेज रफ्तार और लापरवाही से बस चला रहा था। उसने सड़क किनारे पिता के साथ खड़ी दीप्ती को टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हादसे के बाद पिता विसम्बर शर्मा पड़ोसी जीवाजी शर्मा की मदद से दीप्ती को तत्काल शासकीय अस्पताल गोहद लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। इसके बाद परिजन बच्ची का शव लेकर गांव पहुंचे।

Bhind

गुस्साई भीड़ ने बस में की तोड़फोड़, चालक को पीटा

दीप्ती की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने हादसे में शामिल स्कूल बस में तोड़फोड़ की और चालक जबर सिंह के साथ मारपीट की। घटना में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे भीड़ से छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे ग्वालियर रेफर किया गया।

NH-719 पर एक घंटे तक चक्काजाम

बच्ची की मौत से आहत परिजनों और ग्रामीणों ने सुबह करीब 8:15 बजे नेशनल हाईवे-719 पर चक्काजाम कर दिया। इससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही गोहद चौराहा और एण्डोरी पुलिस के साथ अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। रिश्तेदारों के मौके पर पहुंचने और पुलिस की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। इसके बाद यातायात बहाल हुआ।

स्कूल प्रबंधन ने जताया दुख

घटना पर स्कूल प्रबंधन ने भी संवेदना व्यक्त की है। विद्यालय के प्राचार्य शिवराज सिंह ने कहा कि विद्यालय परिवार पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने बस में तोड़फोड़ की और चालक के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Asgar Khan
By Asgar Khan

मैं पिछले 12 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूँ। 11 अगस्त 2014 से पीपुल्स समाचार, ग्वालि...

Latest Posts