Ketan Agarwal Murder Case :पुणे के कैफे में बैठकर रची गई थी हत्या की साजिश, सिया-चेतन की सीक्रेट मीटिंग का CCTV आया सामने

पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में एक नया और अहम खुलासा हुआ है। पुलिस को एक कैफे का CCTV फुटेज मिला है, जिसने इस मामले की जांच को नई दिशा दे दी है। जांच एजेंसियों का दावा है कि हत्या से एक दिन पहले मुख्य आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी ने पुणे के एक कैफे में मुलाकात कर पूरी साजिश पर चर्चा की थी।
कैफे में करीब एक घंटे तक साथ रहे सिया और चेतन
पुलिस जांच के अनुसार, 17 जून की शाम सिया गोयल और चेतन चौधरी पुणे के थर्ड वेव कैफे पहुंचे थे। CCTV फुटेज में दोनों को शाम करीब 4:35 बजे कैफे में प्रवेश करते हुए देखा गया है। दोनों लगभग एक घंटे तक वहां रुके और करीब 5:30 बजे बाहर निकल गए। जांचकर्ताओं का मानना है कि इसी दौरान दोनों ने केतन अग्रवाल की हत्या की योजना को अंतिम रूप दिया था। पुलिस अब उस मुलाकात से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है।
यूट्यूब सर्च हिस्ट्री भी जांच के घेरे में
मामले की जांच में एक और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, सिया गोयल ने घटना से पहले यूट्यूब पर लोहागढ़ किले से जुड़े कई वीडियो सर्च किए थे। जांच एजेंसियों का दावा है कि उसने इस लोकेशन की जानकारी चेतन चौधरी के साथ साझा की थी। पुलिस को शक है कि किले से जुड़ी यह जानकारी कथित साजिश का हिस्सा हो सकती है। इसी कारण अब जांच केवल CCTV फुटेज तक सीमित नहीं रही है।
ये भी पढ़ें: Pune Ketan Agarwal Murder Case : सिया-चेतन ने तय किया था एक इशारा, जैसे ही वह....तब देना है धक्का
मोबाइल, चैट और डिजिटल रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
जांच एजेंसियां दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन, चैट रिकॉर्ड, कॉल डिटेल, इंटरनेट सर्च हिस्ट्री और आपसी बातचीत की भी गहन जांच कर रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि डिजिटल सबूत इस मामले की सच्चाई सामने लाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
ये भी पढ़ें: ऐसे खुली केतन अग्रवाल हत्याकांड की परतें... पढ़ें सिया-चेतन की वो 5 बड़ी गलतियां जिसने उन्हें पहुंचाया जेल
सिया के जन्मदिन के लिए केतन ने की थी बड़ी तैयारी
जांच में यह भी सामने आया है कि केतन अग्रवाल सिया गोयल के जन्मदिन को खास बनाने की तैयारी कर रहा था। 19 जून को सिया के बर्थडे सेलिब्रेशन के लिए उसने महाबलेश्वर के एक लग्जरी रिजॉर्ट में 40 से 50 कमरे तक बुक कराए थे। लेकिन जांच एजेंसियों का दावा है कि इसी दौरान सिया अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की योजना बना रही थी।
कई बार रेकी के बाद वारदात को दिया गया अंजाम
पुलिस के अनुसार, लोहागढ़ किले की कई बार रेकी और विजिट करने के बाद 18 जून को कथित तौर पर हत्या की साजिश को अंजाम दिया गया। जांच एजेंसियां अब इस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई हैं।
ये भी पढ़ें: Pune Ketan Agarwal Murder Case : हर वक्त बिजी रहता था सिया का फोन, हमेशा रटती थी चेतन का नाम
बेटे की मौत से टूट गया परिवार
केतन अग्रवाल की मौत के बाद परिवार गहरे सदमे में है। केतन के पिता विशाल अग्रवाल का कहना है कि जिस बेटे को उन्होंने अपने परिवार का भविष्य और बुढ़ापे का सहारा माना था, उसे भरोसे और रिश्तों के नाम पर धोखा मिला। परिवार अब मामले में सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहा है।











