Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

केदारनाथ जा रहे हेलीकॉप्टर की हाईवे पर इमरजेंसी लैंडिंग, 7 लोग थे सवार, एक वाहन क्षतिग्रस्त

Follow on Google News
केदारनाथ जा रहे हेलीकॉप्टर की हाईवे पर इमरजेंसी लैंडिंग, 7 लोग थे सवार, एक वाहन क्षतिग्रस्त
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। रुद्रप्रयाग जिले के फाटा-बड़ासू इलाके में केदारनाथ की ओर जा रहे एक हेलीकॉप्टर को तकनीकी खराबी के कारण हाईवे पर आपात लैंडिंग करनी पड़ी। इस हेलीकॉप्टर में कुल 7 लोग सवार थे। हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

हेलीकॉप्टर ने सड़क पर की लैंडिंग

क्रेस्टेल एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का यह हेलीकॉप्टर यात्रियों को लेकर सिरसी से उड़ान भर रहा था। उड़ान भरने के तुरंत बाद पायलट को तकनीकी खराबी का आभास हुआ, जिसके बाद सूझबूझ दिखाते हुए उसने हेलीकॉप्टर को पास के हाईवे पर सुरक्षित उतार लिया। इस दौरान सड़क पर खड़े एक वाहन को नुकसान पहुंचा।

यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर भेजा

लैंडिंग की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। हेलीकॉप्टर में पायलट, को-पायलट और पांच श्रद्धालु सवार थे। को-पायलट को हल्की चोट आने की सूचना है, जबकि अन्य सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं।

तकनीकी खराबी बनी वजह

हेलीकॉप्टर की यह आपात लैंडिंग तकनीकी खराबी के कारण की गई। इस घटना की जानकारी यूकेडा (UCADA) ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को दे दी है। शेष शटल ऑपरेशंस सामान्य रूप से जारी हैं और किसी अन्य उड़ान में रुकावट नहीं आई है। देखें VIDEO...

केदारनाथ मार्ग पर पहले भी हुए हादसे

यह पहली बार नहीं है जब केदारनाथ यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर हादसा हुआ हो। मई 2025 में एक हेली एंबुलेंस की लैंडिंग के समय दुर्घटना हो चुकी है। 8 मई को गंगोत्री धाम जाते वक्त भी एक हेलीकॉप्टर गंगनानी के पास क्रैश हुआ था, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई थी।

यात्रियों से अपील: सतर्क रहें, नियमों का पालन करें

चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है। ऐसे में हेलीकॉप्टर सेवा का प्रयोग करने वाले यात्रियों से अपील की जाती है कि वे सभी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करें, और मौसम या तकनीकी कारणों से यात्रा में बदलाव हो तो घबराएं नहीं, बल्कि प्रशासन से समन्वय बनाए रखें।
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts