कटनी का किसना ज्वेलर्स' चोरी कांड: पुलिस को मिले अहम सुराग, दो संदिग्धों के फिंगरप्रिंट रिपोर्ट से हुए मैच

कटनी। माधवनगर थाना क्षेत्र स्थित 'किसना ज्वेलर्स' में हुई करीब 15 करोड़ रुपए की सनसनीखेज चोरी के मामले में पुलिस जांच का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। हालांकि, अभी तक चोरी गए जेवरात की बरामदगी नहीं हो सकी है और रिमांड पर लिए गए एक गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में भी वह सहयोग नहीं कर रहा है तथा लगातार पुलिस को गुमराह कर रहा है। इसी बीच, पुलिस जांच में दो संदिग्ध आरोपियों के फिंगरप्रिंट रिपोर्ट से मैच होने की अहम जानकारी सामने आई है।
फिंगरप्रिंट मिलान और 8 से 10 सदस्यों के गिरोह की आशंका
पुलिस तफ्तीश के दौरान दो संदिग्धों के फिंगरप्रिंट रिपोर्ट में मैच होने से जांच को नई दिशा मिली है। वहीं, अब इस वारदात में 8 से 10 सदस्यों वाले शातिर अंतरराज्यीय गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है।
ये भी पढ़ें: कटनी का किसना शोरूम चोरी कांड: झारखंड का 'अब्जुल' निकला गिरोह का सरगना, कोलकाता से गिरफ्तार बदरुद्दीन ने किया खुलासा
अन्य राज्यों में बड़ी चोरियों और 5-5 किलो सोना बांटने का खुलासा
जांच में यह बात भी सामने आई है कि इस गिरोह के सदस्य देश के कई राज्यों में बड़ी चोरियों को अंजाम दे चुके हैं। जानकारी के मुताबिक वर्ष 2012 में त्रिपुरा में 36 किलो सोना और वर्ष 2023 में 5 किलो सोने की चोरी सहित कर्नाटक, महाराष्ट्र और दिल्ली में भी गिरोह की वारदातों के सुराग मिले हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्यों ने कुछ माह पहले आपस में करीब 5-5 किलो सोना भी आपस में बांटा था।
पांच राज्यों में पुलिस टीमों की जांच जारी
गिरोह के सदस्यों की तलाश और मामले के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और ओडिशा में लगातार जांच और दबिश की कार्रवाई कर रही हैं।




















