सीहोर: मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर किया हंगामा, इलाज में लापरवाही के आरोप
सीहोर। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही, गलत दवाई देने, मरीज की बिगड़ती हालत की समय पर सूचना नहीं देने और परिजनों को मरीज से मिलने से रोकने जैसे गंभीर आरोप लगाए। मौके पर पुलिस बल पहुंचा और आक्रोशित लोगों को समझाइश देकर स्थिति संभालने का प्रयास किया।
सात दिन से अस्पताल में थे परिजन
परिजनों के मुताबिक मरीज अशोक को 13 नवंबर को वेदांता हार्ट केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। पिछले सात दिनों से परिवार के सदस्य लगातार अस्पताल में मौजूद रहकर मरीज की देखभाल कर रहे थे। उनका कहना है कि पिछली शाम तक मरीज ने ठीक से खाना-पीना किया था और उसकी स्थिति भी सामान्य नजर आ रही थी। इसके बावजूद सुबह अचानक मरीज की तबीयत बिगड़ने और फिर मौत की सूचना मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का सवाल है कि जब मरीज की हालत बिगड़ रही थी तो उन्हें समय रहते इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई?
गलत दवा देने का आरोप
मृतक के जीजा बृजमोहन ने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि शाम को मरीज के खाना-पीना करने के बाद परिजनों को उससे मिलने नहीं दिया गया और वहां से जाने के लिए कह दिया गया। इसके बाद मरीज को कोई गोली दी गई, जिससे उसके पूरे चेहरे पर सूजन आ गई। परिजनों ने सवाल उठाया कि आखिर मरीज को कौन सी दवा दी गई थी और उसे देने का आधार क्या था? उन्होंने आरोप लगाया कि मरीज को दी जा रही दवाओं और उपचार की प्रक्रिया को लेकर भी पारदर्शिता नहीं रखी जा रही थी।
ड्रिप लगाने से लेकर दवाइयां देने तक पर उठाए सवाल
परिजनों ने अस्पताल के कर्मचारियों की कार्यक्षमता पर भी सवाल खड़े किए। उनका आरोप है कि स्टाफ को ठीक से ड्रिप लगाना तक नहीं आता था और मरीज को मनमाने तरीके से गोलियां दी जा रही थीं। परिजनों का कहना है कि अस्पताल में भर्ती मरीज की प्रत्येक दवा और इलाज की जानकारी परिवार को मिलनी चाहिए, लेकिन यहां उन्हें संतोषजनक जानकारी नहीं दी गई। मरीज की मौत के बाद परिजनों ने पूछा कि आखिर उसे कौन-कौन सी दवाइयां दी गईं और उपचार के दौरान क्या सावधानियां बरती गईं?
ये भी पढ़ें: सीहोर में गर्लफ्रेंड की हत्या के दोषी को उम्रकैद, चेहरा कुचलकर जंगल में फेंका था शव
परिजनों ने पांच बजे सूचना मिलने की कही बात
बृजमोहन के अनुसार वे दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल से घर गए थे। अस्पताल की ओर से दावा किया गया कि शाम करीब चार बजे परिजनों को फोन किया गया था, लेकिन उनका कहना है कि चार बजे उनके पास कोई कॉल नहीं आया। करीब पांच बजे फोन आने के बाद वे घर से चाय-पानी लेकर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने मरीज को चाय-पानी कराने की बात कही थी, तब स्टाफ ने यह कहते हुए मना कर दिया था कि अस्पताल में सभी जरूरी सामान उपलब्ध है। परिजनों का कहना है कि अगर मरीज की हालत गंभीर थी तो उन्हें तत्काल और स्पष्ट सूचना दी जानी चाहिए थी।
परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप
परिजनों ने यह भी सवाल उठाया कि अगर मरीज की स्थिति गंभीर हो चुकी थी और उसे बेहतर उपचार के लिए किसी बड़े अस्पताल में रेफर करने की आवश्यकता थी, तो इसकी जानकारी समय रहते परिवार को क्यों नहीं दी गई? उनका कहना है कि समय पर सूचना मिलती तो वे मरीज को दूसरे अस्पताल ले जाने का प्रयास कर सकते थे। परिजनों ने आरोप लगाया कि मरीज की स्थिति बिगड़ने के बाद अस्पताल के संबंधित कर्मचारियों से सवाल-जवाब भी किए गए और पूछा गया कि आखिर मरीज को वह गोली क्यों दी गई।
अस्पताल के बाहर भीड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा
मरीज की मौत के बाद अस्पताल परिसर के बाहर रोते-बिलखते परिजनों और रिश्तेदारों की भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई और चक्काजाम कर दिया। माहौल तनावपूर्ण होता देख पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। इस दौरान अस्पताल के बाहर काफी देर तक गहमागहमी बनी रही।
जांच के बाद ही स्पष्ट होगा मौत का वास्तविक कारण
मामले में फिलहाल परिजनों की ओर से लगाए गए आरोप सामने आए हैं। गलत दवा देने, उपचार में लापरवाही और समय पर सूचना नहीं देने संबंधी आरोपों की स्वतंत्र जांच होना जरूरी है। मरीज को दी गई दवाइयों का रिकॉर्ड, उपचार की केसशीट, मेडिकल हिस्ट्री और मौत से पहले की चिकित्सकीय स्थिति की जांच से ही वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। वही, वेदांता अस्पताल के संचालक मनीष त्यागी ने बताया कि मृतक मरीज को पहले से ही हृदय और सांस लेने की गंभीर समस्या थी, उनका हृदय अत्यंत कमजोर था। रात में शौचालय जाते समय हृदय पर अतिरिक्त दबाव पड़ने से उन्हें हार्ट फेलियर हो गया। डॉक्टरों ने वेंटिलेटर और सीपीआर के ज़रिए उन्हें बचाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन उनकी मौत हो गई। इसमें किसी भी प्रकार के गलत इलाज की कोई भूमिका नहीं है।






















