विधायक संजय पाठक से 1.49 करोड़ की ठगी का मास्टरमाइंड मियम शेट्टी मुंबई से गिरफ्तार, जेल भेजा

कटनी। विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक से 1 करोड़ 49 लाख 60 हजार रुपए की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने मुख्य सूत्रधार मियम शेट्टी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। रंगनाथनगर थाना प्रभारी सिद्धार्थ राय की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा। न्यायालय के आदेश के बाद उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मियम शेट्टी ही पूरे साइबर फर्जीवाड़े का मास्टरमाइंड है। उसने ‘स्काईलूम स्पार्क प्राइवेट लिमिटेड’ के नाम से फर्जी कंपनी बनाकर बैंक खाता खुलवाया था। इसी खाते में ठगी की 1 करोड़ 16 लाख रुपये की रकम ट्रांसफर कराई गई थी।
10 आरोपी गिरफ्तार, गिरोह के वित्तीय नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस के मुताबिक, करीब 17 दिन पहले मुंबई से गिरफ्तार किए गए रिजवान मलिक और अब्दुल जब्बार से पूछताछ के दौरान मियम शेट्टी का नाम सामने आया था। ठगी की शेष 33 लाख 60 हजार रुपये की रकम इंडसइंड बैंक के खाते में ट्रांसफर कराई गई थी। मामले में सामने आए अंतरराज्यीय साइबर सिंडिकेट के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अब तक मुंबई, ग्वालियर और करेली से कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस गिरोह के पूरे नेटवर्क और ठगी की रकम के लेनदेन की कड़ियों को खंगाल रही है।
ये भी पढ़ें: सरपंच पति की गला रेतकर हत्या का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार; 2 की तलाश जारी
गिरोह में शामिल किसी दोषी को नहीं बख्शेंगे
साइबर ठगी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हमारी विशेष टीम ने मुंबई में दबिश देकर मुख्य सूत्रधार मियम शेट्टी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। प्रकरण में अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरोह के पूरे नेटवर्क और वित्तीय लेनदेन की गहन जांच जारी है, इसमें शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
-अभिनय विश्वकर्मा, एसपी, कटनी
ये भी पढ़ें: मराठी एक्टर ने सोशल मीडिया पर की 'आत्महत्या' की पोस्ट, पुलिस ने रात में किया ट्रेस



















