Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कानपुर हत्याकांड:पिता ने जुड़वां बेटियों की हत्या कर खुद किया पुलिस को कॉल

कानपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नौबस्ता थाना क्षेत्र के किदवईनगर स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में एक पिता ने अपनी ही 11 साल की जुड़वां बेटियों की बेरहमी से हत्या कर दी। सबसे चौंकाने वाली बात यह कि वारदात के बाद आरोपी ने खुद ही सुबह पुलिस बुलाई।
पिता ने जुड़वां बेटियों की हत्या कर खुद किया पुलिस को कॉल
FILE IMAGE

कानपुर से सामने आई एक घटना ने इंसानियत को हिला दिया है। नौबस्ता थाना क्षेत्र के किदवईनगर स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में रविवार की तड़के एक पिता ने अपनी ही 11 साल की जुड़वां बेटियों की बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा और दहशत फैल गई।

सुबह जब पुलिस को आया कॉल

रविवार सुबह करीब 4:30 बजे एक फोन कॉल ने पुलिस को झकझोर दिया। कॉल करने वाला कोई और नहीं, बल्कि खुद आरोपी पिता था। उसने कहा मैंने अपनी बेटियों को मार दिया है, आप आ जाइए। यह सुनते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। जब टीम अपार्टमेंट में पहुंची तो वहां का दृश्य बेहद चौंकाने वाला था।

यह भी पढ़ें: करवट बनी काल:- बिस्तर से गिरी 5 माह की बच्ची ने तोड़ा दम, घर में पसरा मातम

कमरे में दिखा खौफनाक मंजर

पुलिस के अनुसार, दोनों मासूम बच्चियों के शव कमरे के बेड पर पड़े थे। खून से सना कमरा इस बात का गवाह था कि वहां क्या हुआ होगा। मौके से एक धारदार स्टील का हथियार भी बरामद किया गया, जिससे हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। दोनों बच्चियां रिद्धि और सिद्धि पांचवीं कक्षा की छात्रा थीं और घर के सामने स्थित एक स्कूल में पढ़ती थीं।

पत्नी का दर्द- मेरे पति को फांसी हो

जैसे ही घटना की जानकारी मां को मिली, वह सदमे में पहुंच गई। पुलिस के साथ दौड़ते हुए जब वह कमरे में पहुंची, तो अपनी बेटियों को खून से लथपथ देखकर टूट गई। पत्नी ने गुस्से और दर्द में कहा कि उसके पति को तुरंत फांसी दी जानी चाहिए।

आरोपी पिता कौन था?

आरोपी की पहचान शशि रंजन मिश्रा (45 वर्ष) के रूप में हुई है। वह एक दवा कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के तौर पर काम करता था। परिवार में उसकी पत्नी रेशमा छेत्री, जुड़वां बेटियां रिद्धि-सिद्धि और 6 साल का बेटा गन्नू रहते थे।

यह भी पढ़ें: शक ने लिया खौफनाक रूप : वकील परिवार ने महिला सेक्रेटरी के पैरों को बांधकर बैट से पीटा, बोरे में छिपाई लाश

शादी से लेकर तनाव तक की कहानी

रेशमा छेत्री और शशि रंजन की मुलाकात काम के दौरान हुई थी। दोनों ने साल 2014 में लव मैरिज की थी। शुरुआत में सब ठीक था, लेकिन समय के साथ रिश्तों में दरार आने लगी। पत्नी के मुताबिक पति अक्सर शराब के नशे में मारपीट करता था, उस पर शक करता था जिसके कारण घर में लगातार झगड़े होते थे।

पत्नी रेशमा ने बताया कि एक बार झगड़े के बाद वह अपने बेटे को लेकर मायके चली गई थी। उस समय उसने बेटियों को अपने साथ नहीं लिया था। करीब 9 महीने बाद वह वापस लौटी क्योंकि उसे बेटियों की याद बहुत सता रही थी। 

घर के अंदर का डरावना माहौल

रेशमा ने बताया कि उसका पति बहुत अजीब व्यवहार करता था। वह किसी को अपने कमरे में आने नहीं देता था। इतना ही नहीं घर में कई सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। बताया जा रहा है कि उसका व्यवहार दिन-ब-दिन हिंसक होता जा रहा था।

बच्चों को लेकर भी था अजीब रवैया

सबसे डराने वाली बात यह सामने आई कि आरोपी पिता अक्सर कहता था कि वह मरना चाहता है और साथ में बच्चों को भी ले जाएगा। शनिवार रात परिवार ने साथ खाना खाया था। इसके बाद दोनों जुड़वां बेटियां पिता के साथ कमरे में चली गईं। रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच यह खौफनाक घटना हुई।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम की जांच जारी

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया और हर एंगल से जांच जारी है। पुलिस यह समझने की कोशिश कर रही है कि आखिर इस क्रूर कदम के पीछे असली वजह क्या थी मानसिक तनाव, घरेलू विवाद या कुछ और।

इस घटना ने पूरे त्रिमूर्ति अपार्टमेंट को झकझोर दिया है। जहां कभी बच्चों की आवाजें गूंजती थीं, वहां अब सिर्फ सन्नाटा है। पड़ोसी भी इस घटना पर विश्वास नहीं कर पा रहे कि एक पिता इतना बड़ा कदम कैसे उठा सकता है।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

Latest Posts