Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

शिवराज मंत्रिमंडल पर कमलनाथ का कटाक्ष, कहा- सरकार गिरने वाली है, तब हो रहा विस्तार, ये भ्रष्टाचार की मित्रमंडली का विस्तार

Follow on Google News
शिवराज मंत्रिमंडल पर कमलनाथ का कटाक्ष, कहा- सरकार गिरने वाली है, तब हो रहा विस्तार, ये भ्रष्टाचार की मित्रमंडली का विस्तार
भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के ठीक पहले आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए सर्वश्री गौरीशंकर बिसेन और राजेंद्र शुक्ल को कैबिनेट मंत्री और राहुल सिंह लोधी को राज्य मंत्री के रूप में शामिल किया। शिवराज कैबिनेट में अब 33 मंत्री हो गए हैं। वहीं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पीसीसी चीफ नेता कमलनाथ ने शिवराज मंत्रिमंडल के विस्तार के मामले में कटाक्ष किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने सोशल मीडिया के जरिए पोस्ट में लिखा है, जब कार्यकाल हो रहा है समाप्त और गिरने वाली है सरकार, तब मप्र में मंत्रिमंडल का हो रहा है विस्तार! साथ ही उन्होंने इस मंत्रिमंडल को भ्रष्टाचार की मित्रमंडली का विस्तार बताया है। https://twitter.com/OfficeOfKNath/status/1695249394621124785

...हार तो निश्चित है : कमलनाथ

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्वीट कर लिखा- जब कार्यकाल हो रहा है समाप्त और गिरने वाली है सरकार, तब मप्र में मंत्रिमंडल का हो रहा है विस्तार! विदाई के समय स्वागत गीत गाने वाली भाजपा सरकार अब विस्तार क्या पूरा मंत्रिमंडल भी बदल दे तो भी हार निश्चित है। ये मंत्रिमंडल नहीं, भ्रष्टाचार की मित्रमंडली का विस्तार है।

शिवराज मंत्रिमंडल में तीन नए मंत्री शामिल

दरअसल, आज शिवराज मंत्रिमंडल में 3 नए मंत्रियों को शामिल किया गया है। नए मंत्रियों में सबसे पहले महाकौशल से गौरीशंकर बिसेन, विंध्य से राजेंद्र शुक्ला और बुंदेलखंड से राहुल लोधी ने शपथ ली। राजभवन में आयोजित संक्षिप्त एवं गरिमामय समारोह में राज्यपाल मंगु भाई पटेल ने तीनों नवनियुक्त मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मंत्रिमंडल में अब मुख्यमंत्री के अलावा मंत्रियों की संख्या बढ़कर 33 हो गयी है। इसमें 25 कैबिनेट मंत्री और आठ राज्य मंत्री शामिल हैं।

शपथ ग्रहण में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर सीएम शिवराज सिंह चौहान के अलावा केंद्रीय कृषि मंत्री एवं प्रदेश भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा और अनेक जनप्रतिनिधि, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। विधानसभा चुनाव के ठीक पहले क्षेत्रीय, जातिगत और राजनैतिक द्दष्टि से संतुलन के उद्देश्य से नए मंत्रियों को शपथ दिलाई गई है।

मंत्रिमंडल में एक पद रखा खाली

230 सदस्यीय राज्य विधानसभा में तय मापदंड के अनुरूप मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 35 मंत्री हो सकते हैं। इस तरह अब भी एक पद रिक्त है। विंध्य अंचल से आने वाले राजेंद्र शुक्ल रीवा विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं और वे पहले भी मंत्री रह चुके हैं। महाकौशल अंचल से आने वाले लगभग 70 वर्षीय गौरीशंकर बिसेन बालाघाट विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वे भी राज्य मंत्री के रूप में अपनी सेवाएं पहले भी दे चुके हैं। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के भतीजे राहुल लोधी बुंदेलखंड की खरगापुर विधानसभा सीट से विधायक हैं और वर्ष 2018 में पहली बार ही विधायक बने हैं। उन्हें राज्य मंत्री बनाकर अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदाय को साधने की कोशिश की गई है।

चुनाव में शानदार जीत हासिल सरकार बनेगी : वीडी शर्मा

शपथ ग्रहण समारोह के बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान और भाजपा नेताओं ने नवनियुक्त मंत्रियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मीडिया से चर्चा में कहा कि मुख्यमंत्री ने सभी समीकरणों को ध्यान में रखकर मंत्रिमंडल का विस्तार किया है और इसमें अनुभव के साथ ही युवा जोश को भी तवज्जो दी गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में शानदार विजय हासिल कर एक बार फिर से प्रदेश में सरकार बनाएगी। ये भी पढ़ें- शिवराज मंत्रिमंडल में शामिल हुए 3 नए मंत्री : विधायक राजेंद्र शुक्ला, गौरीशंकर बिसेन और राहुल लोधी ने ली शपथ; 1 पद अब भी खाली
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts