ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

शिवराज मंत्रिमंडल में शामिल हुए 3 नए मंत्री : विधायक राजेंद्र शुक्ला, गौरीशंकर बिसेन और राहुल लोधी ने ली शपथ; 1 पद अब भी खाली

भोपाल। शिवराज मंत्रिमंडल में 3 नए मंत्रियों को शामिल किया गया है। नए मंत्रियों में सबसे पहले महाकौशल से गौरीशंकर बिसेन, विंध्य से राजेंद्र शुक्ला और बुंदेलखंड से राहुल लोधी ने शपथ ली। राज्यपाल मंगु भाई पटेल ने तीनों को राजभवन में शपथ दिलाई। 1 पद अब भी खाली है। शिवराज कैबिनेट में अब 33 मंत्री हो गए हैं।

शपथ ग्रहण में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर सीएम शिवराज सिंह चौहान के अलावा केंद्रीय कृषि मंत्री एवं प्रदेश भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा और अनेक जनप्रतिनिधि, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। विधानसभा चुनाव के ठीक पहले क्षेत्रीय, जातिगत और राजनैतिक द्दष्टि से संतुलन के उद्देश्य से नए मंत्रियों को शपथ दिलाई गई है।

देखें तस्वीरें…

राज्यपाल मंगु भाई पटेल ने महाकौशल से गौरीशंकर बिसेन को शपथ दिलाई।
राज्यपाल मंगु भाई पटेल ने विंध्य से राजेंद्र शुक्ला को शपथ दिलाई।
राज्यपाल मंगु भाई पटेल ने बुंदेलखंड से राहुल लोधी को शपथ दिलाई।

ये भ्रष्टाचार की मित्रमंडली का विस्तार है : कमलनाथ

मंत्रिमंडल विस्तार पर पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने  ट्वीट कर कहा, ‘जब कार्यकाल हो रहा है समाप्त और गिरने वाली है सरकार, तब मध्यप्रदेश में मंत्रिमंडल का हो रहा है विस्तार। विदाई के समय स्वागत गीत गाने वाली भाजपा सरकार अब विस्तार क्या, पूरा मंत्रिमंडल भी बदल दे तो भी हार निश्चित है। ये मंत्रिमंडल नहीं, भ्रष्टाचार की मित्रमंडली का विस्तार है।’

मंत्रिमंडल में एक पद रखा खाली

230 सदस्यीय राज्य विधानसभा में तय मापदंड के अनुरूप मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 35 मंत्री हो सकते हैं। इस तरह अब भी एक पद रिक्त है। विंध्य अंचल से आने वाले राजेंद्र शुक्ल रीवा विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं और वे पहले भी मंत्री रह चुके हैं। महाकौशल अंचल से आने वाले लगभग 70 वर्षीय गौरीशंकर बिसेन बालाघाट विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वे भी राज्य मंत्री के रूप में अपनी सेवाएं पहले भी दे चुके हैं। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के भतीजे राहुल लोधी बुंदेलखंड की खरगापुर विधानसभा सीट से विधायक हैं और वर्ष 2018 में पहली बार ही विधायक बने हैं। उन्हें राज्य मंत्री बनाकर अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदाय को साधने की कोशिश की गई है।

चुनाव में शानदार जीत हासिल सरकार बनेगी : वीडी शर्मा

शपथ ग्रहण समारोह के बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान और भाजपा नेताओं ने नवनियुक्त मंत्रियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मीडिया से चर्चा में कहा कि मुख्यमंत्री ने सभी समीकरणों को ध्यान में रखकर मंत्रिमंडल का विस्तार किया है और इसमें अनुभव के साथ ही युवा जोश को भी तवज्जो दी गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में शानदार विजय हासिल कर एक बार फिर से प्रदेश में सरकार बनाएगी।

ये भी पढ़ें- BJP के घोषित 39 प्रत्याशियों का प्रशिक्षण शिविर शुरू : प्रदेश भाजपा कार्यालय में CM शिवराज, तोमर, वैष्णव और वीडी शर्मा देंगे चुनाव मैनेजमेंट के टिप्स

संबंधित खबरें...

Back to top button