बिहार के कैमूर में भीषण सड़क हादसा : 2 महिलाओं सहित 9 की मौत, स्कॉर्पियो ने पहले बाइक को मारी टक्कर फिर ट्रक से टकराई; सीएम ने जताया दुख

कैमूर। बिहार के कैमूर में रविवार देर शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां तीन गाड़ियों की आपस में भिड़ंत हो गई। भिड़त इतनी तेज हुई कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जिसमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। घटना मोहनिया थाना क्षेत्र के देवकली गांव के पास की बताई जा रही है। इस हादसे में मृत लोगों के प्रति सीएम नीतीश कुमार ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।
तेज रफ्तार की वजह से हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि, एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने पहले बाइक को टक्कर मारी और फिर खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में आठ कार सवार और एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मामला मोहनिया थाना क्षेत्र के एनएच-2 स्थित देवकली के पास हुआ है।वाराणसी जा रही थी स्कॉर्पियो
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो सासाराम से वाराणसी जा रही थी। स्कॉर्पियो जैसे ही देवकली गांव के पास पहुंची, ड्राइवर ने गाड़ी का नियंत्रण खो दिया। जिसके बाद तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पहले तो एक बाइक सवार को टक्कर मारी फिर अनियंत्रित होकर डिवाइडर के दूसरी तरफ खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर लगते ही स्कॉर्पियो पलट गई।





















