ग्राहकों के लिए ब्रेड स्लाइस काटने से इंकार करने पर बेकर को परेशान करने वाले पूर्व मेयर को 8 महीने की सजा

पेरिस। फ्रांस में एक पूर्व मेयर को स्थानीय बेकरी संचालक दंपति को परेशान करने के मामले में अदालत ने 8 महीने की निलंबित जेल की सजा सुनाई है। विवाद की शुरुआत ग्राहकों के लिए ब्रेड के स्लाइस काटने से इनकार करने को लेकर हुई थी। आरोप है कि इसके बाद पूर्व मेयर ने बेकरी चलाने वाले दंपति को लगातार परेशान किया। 'द टाइम्स' की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को रेनेस क्रिमिनल कोर्ट ने 67 वर्षीय पियरे थॉमस को इस मामले में सजा सुनाई।
पूर्व मेयर पर 5,000 यूरो का जुर्माना, दंपति को मिलेगा मुआवजा
अदालत ने पियरे थॉमस पर 5,000 यूरो (करीब 5 लाख रुपये) का आर्थिक दंड लगाया है। इसके अलावा, उन्हें बेकरी मालिक दंपति को 11,200 यूरो (लगभग 11 लाख रुपये) मुआवजे के तौर पर देने होंगे। कोर्ट ने थॉमस को अगले तीन साल तक पीड़ित दंपति से किसी भी तरह का संपर्क करने से भी प्रतिबंधित कर दिया है।
2022 में शुरू हुआ था बेकरी मालिकों और मेयर के बीच विवाद
यह मामला पियरे थॉमस और बेकरी संचालक हेनरी विर्मौनेक्स तथा लॉरेन पिकोव्स्की-डेलारू के बीच हुए विवाद से संबंधित है। इस दंपति ने 2022 के आखिर में सेंट-ओएन-डेस-एलेक्स गांव में बेकरी का संचालन शुरू किया था। इस बेकरी को लेकर पहले से ही संपत्ति और लीज का विवाद चल रहा था। ग्राम परिषद ने बेकरी को उसके पुराने मालिकों से खरीदा था। इसके बाद बेकरी और उससे संबंधित आवासीय परिसर के पट्टे को लेकर दंपति और प्रशासन के बीच मतभेद पैदा हो गए।आरोप है कि थॉमस ने बेकरी के कामकाज में लगातार हस्तक्षेप किया। वह बेकरी में तैयार होने वाले उत्पादों की गुणवत्ता, उन्हें ग्राहकों के सामने पेश करने के तरीके और ब्रेड के स्लाइस काटकर देने से इनकार करने जैसे मुद्दों पर आपत्ति जताते थे।
बेकर दंपति ने लगाया लगातार मानसिक उत्पीड़न का आरोप
'द टाइम्स' के मुताबिक, पीड़ित दंपति ने अदालत में बताया कि पूर्व मेयर की ओर से उन्हें लगातार परेशान किया जाता था। उनके मुताबिक, कारोबार के मामलों में बार-बार दखल दिए जाने के कारण उन्हें गंभीर मानसिक तनाव से गुजरना पड़ा। अक्टूबर में सुनवाई के दौरान पिकोव्स्की-डेलारू ने कहा कि उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी कि कोई निर्वाचित जनप्रतिनिधि इस तरह का व्यवहार कर सकता है। वहीं, विर्मौनेक्स ने आरोप लगाया कि थॉमस ने उनके स्वतंत्र रूप से कारोबार चलाने के अधिकार में हस्तक्षेप किया। उन्होंने पूर्व मेयर के लगातार दखल पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उन पर ऐसी शर्तें थोपी गईं, जिनका व्यापार की आजादी से कोई संबंध नहीं था।
गांव के अन्य दुकानदारों ने भी की थी शिकायत
पियरे थॉमस के व्यवहार को लेकर केवल बेकरी संचालक ही परेशान नहीं थे। गांव के कुछ अन्य दुकानदारों ने भी उनके खिलाफ शिकायतें दर्ज कराई थीं। इन व्यापारियों का आरोप था कि पूर्व मेयर उनके व्यावसायिक कामकाज में भी हस्तक्षेप करते थे। स्थानीय स्तर पर कुछ दुकानदारों ने थॉमस को 'द किंग' यानी राजा का उपनाम तक दे दिया था।
पूर्व मेयर ने आरोपों को बताया निराधार
पियरे थॉमस ने अपने ऊपर लगे उत्पीड़न के आरोपों को सिरे से खारिज किया। मार्च में मेयर का पद छोड़ने और दोबारा चुनाव नहीं लड़ने वाले थॉमस ने कहा कि उन्होंने केवल बेकरी संचालक दंपति के बारे में टिप्पणी की थी। उनके मुताबिक, उन्होंने दंपति को बेहद आक्रामक और व्यापार के अनुकूल नहीं रहने वाला बेकर बताया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि दंपति ने अपनी गलतियों के कारण ग्राहक गंवाए। थॉमस ने आरोपों को अयोग्य दुकानदारों के एक समूह की ओर से रची गई साजिश बताया। उनके अनुसार, इस समूह ने उनके खिलाफ अभियान चलाया था और उत्पीड़न के आरोप उसी का हिस्सा थे।
जुलाई 2023 में बंद करनी पड़ी थी बेकरी
विवाद का असर दंपति के कारोबार पर भी पड़ा। आखिरकार, जुलाई 2023 में उन्हें अपनी बेकरी बंद करनी पड़ी। बेकरी शुरू होने के महज दो महीने बाद ही इसका संचालन बंद हो गया था। बेकरी बंद होने के बाद भी विवाद समाप्त नहीं हुआ। अक्टूबर 2023 में पियरे थॉमस तीन स्थानीय अधिकारियों के साथ कथित तौर पर ड्रिल मशीन लेकर बेकरी पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने दुकान का ताला तोड़ने की कोशिश की। इस कदम के पीछे उनका तर्क था कि संबंधित संपत्ति ग्राम परिषद की है। हालांकि, अदालत ने इस कार्रवाई को निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाया गया एक संदिग्ध कदम बताया।




















