Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

वेटिकन के कार्डिनल ने देखी नमित मल्होत्रा की ‘रामायणम्’, फिल्म की कहानी और विजुअल्स की जमकर की तारीफ

नमित मल्होत्रा की ‘रामायणम्’ की रोम में विशेष स्क्रीनिंग हुई। वेटिकन के कार्डिनल पीटर कोडवो टर्कसन ने फिल्म की कहानी, संगीत और विजुअल्स की तारीफ की।
वेटिकन के कार्डिनल ने देखी नमित मल्होत्रा की ‘रामायणम्’, फिल्म की कहानी और विजुअल्स की जमकर की तारीफ
नमित मल्होत्रा की ‘रामायणम्’ की रोम में स्पेशल स्क्रीनिंग हुई

नमित मल्होत्रा की फिल्म ‘रामायणम्’ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खास पहचान मिल रही है। हाल ही में रोम में फिल्म की एक विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई, जिसमें वेटिकन के कार्डिनल और कैथोलिक चर्च से जुड़ी प्रमुख हस्तियों ने हिस्सा लिया। पोंटिफिकल एकेडमी ऑफ साइंसेज के चांसलर कार्डिनल पीटर कोडवो टर्कसन ने फिल्म की कहानी, इसके भावनात्मक पहलुओं और तकनीकी प्रस्तुति की सराहना की।

रामायण की कहानी में दिखे बाइबिल से जुड़े सार्वभौमिक मूल्य

कार्डिनल टर्कसन ने ‘रामायणम्’ की कहानी की तुलना बाइबिल में मौजूद कुछ कथाओं से करते हुए कहा कि दोनों में अलौकिक घटनाओं, प्रेम, नफरत, धोखे और भाईचारे जैसे विषय देखने को मिलते हैं। उनके मुताबिक, भारतीय महाकाव्य में मौजूद ये भावनाएं और मूल्य दुनिया भर के दर्शकों से जुड़ सकते हैं। उन्होंने फिल्म में दिखाए गए पौराणिक प्रसंगों, युद्ध और घटनाओं की भव्य प्रस्तुति की तारीफ की। खास तौर पर देवताओं और शक्तिशाली ताकतों के बीच संघर्ष के साथ दुनिया की रचना जैसे विषयों को पर्दे पर दिखाने के तरीके ने उन्हें प्रभावित किया।

राम-लक्ष्मण के रिश्ते और राम-सीता के प्रेम की तारीफ

कार्डिनल ने फिल्म में रिश्तों और उनसे जुड़ी भावनाओं को भी खास बताया। उन्होंने राम और लक्ष्मण के बीच भाईचारे, राम का सीता के प्रति प्रेम और समर्पण जैसे पहलुओं की सराहना की। उनके अनुसार, कहानी में रिश्तों को हर परिस्थिति में पूरे समर्पण के साथ निभाने की भावना दिखाई देती है। फिल्म के संगीत, विजुअल्स, साउंड इफेक्ट्स और सिनेमैटोग्राफी की भी उन्होंने प्रशंसा की। इसके अलावा, फिल्म निर्माण में इस्तेमाल की गई आधुनिक तकनीक ने भी उन्हें प्रभावित किया।

Ramayana

रोम में हुई खास स्क्रीनिंग, कई हस्तियां रहीं मौजूद

फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग में कार्डिनल पीटर कोडवो टर्कसन के अलावा पोंटिफिकल एकेडमी ऑफ साइंसेज के कुछ सदस्य और स्टाफ, होली सी में घाना के राजदूत और उनके सहयोगी भी शामिल हुए। एक आर्किटेक्ट और उनके कुछ दोस्तों ने भी स्क्रीनिंग में हिस्सा लिया। इस आयोजन को भारतीय महाकाव्य और संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। खास बात यह है कि फिल्म के जरिए हिंदू परंपरा से जुड़ी एक महान गाथा पर अलग-अलग धर्मों और संस्कृतियों के लोगों के बीच संवाद का अवसर बना है।

अच्छाई और बुराई के संघर्ष का संदेश देती है फिल्म

फिल्म के पहले भाग का अंत सीता के अपहरण के साथ होता है। ऐसे में दूसरे भाग में राम और उस बुरी शक्ति के बीच बड़े संघर्ष की कहानी देखने को मिल सकती है। इसमें सीता को बचाने और अच्छाई की जीत का प्रसंग प्रमुख हो सकता है। ‘रामायणम्’ की कहानी सिर्फ एक सिनेमाई अनुभव तक सीमित नहीं है। इसमें भक्ति, त्याग, धर्म, दया और बुराई पर अच्छाई की जीत जैसे मूल्यों को भी प्रमुखता दी गई है। यही वे भावनाएं हैं, जो अलग-अलग समाजों, संस्कृतियों और परंपराओं के लोगों को आपस में जोड़ती हैं।

कौन हैं कार्डिनल पीटर कोडवो टर्कसन?

घाना के रहने वाले कार्डिनल पीटर कोडवो टर्कसन कैथोलिक चर्च की प्रमुख हस्तियों में शामिल हैं। वह केप कोस्ट के आर्कबिशप रह चुके हैं। साल 2003 में पोप जॉन पॉल द्वितीय ने उन्हें कार्डिनल नियुक्त किया था। उन्होंने पोप बेनेडिक्ट 16वें के कार्यकाल में पोंटिफिकल काउंसिल ऑफ जस्टिस एंड पीस के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। वहीं, पोप फ्रांसिस के कार्यकाल में वह डिकास्टरी फॉर प्रमोटिंग इंटीग्रल ह्यूमन डेवलपमेंट के पहले प्रमुख बने। फिलहाल वह पोंटिफिकल एकेडमी ऑफ साइंसेज और पोंटिफिकल एकेडमी ऑफ सोशल साइंसेज के चांसलर हैं।

ऐसे में कार्डिनल टर्कसन की ओर से ‘रामायणम्’ में दिखाए गए आध्यात्मिक और नैतिक मूल्यों की सराहना को फिल्म के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह भारतीय सिनेमा और संस्कृति की वैश्विक पहुंच के लिहाज से भी खास है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

Latest Posts