Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मशीन पर इंसान को तरजीह; AI के बढ़ते प्रभाव के बीच कैम्ब्रिज डिक्शनरी ने 'ह्यूमन' को चुना 2026 का शब्द

AI के दौर में कैम्ब्रिज डिक्शनरी ने 2026 का शब्द ‘ह्यूमन’ चुना है। 15वीं सदी का यह शब्द अब इंसान और मशीन के बीच धुंधली होती सीमा पर चल रही बहस का प्रतीक बन गया है।
मशीन पर इंसान को तरजीह; AI के बढ़ते प्रभाव के बीच कैम्ब्रिज डिक्शनरी ने 'ह्यूमन' को चुना 2026 का शब्द

लंदन। एआई को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच 'कैम्ब्रिज डिक्शनरी' ने 2026 के उस शब्द के चयन के लिए 15वीं सदी की ओर रुख किया है, जो मौजूदा सांस्कृतिक और सामाजिक माहौल को सबसे बेहतर ढंग से बयां करता है। डिक्शनरी ने 'ह्यूमन' (मानव) को 2026 का शब्द चुना है। यह चयन केवल अतीत की ओर लौटने का संकेत नहीं है, बल्कि एआई के कारण मशीनों और इंसानों के बीच धुंधली होती सीमाओं को लेकर चल रही बहस का भी प्रतिबिंब है। माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने कैम्ब्रिज डिक्शनरी के चयन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि एआई इंसानों को मानव होने के अर्थ पर अधिक गंभीरता से सोचने के लिए प्रेरित कर रहा है।

हम क्या खो सकते हैं, सोचने पर किया मजबूर

डिक्शनरी के शब्दकोश विशेषज्ञ कॉलिन मैकिंटोश ने कहा- एआई हमारे मानव होने के अर्थ को लेकर बातचीत का तरीका बदल रहा है। सोचने की क्षमता एआई को सौंपने से इंसान क्या खो सकते हैं, इस चिंता ने हमें एआई पर अपनी निर्भरता के बारे में फिर से सोचने पर मजबूर किया है। यह चिंता बड़े गणितज्ञों से लेकर छोटे बच्चों को पढ़ाने वाले शिक्षकों तक में है।

जानें शब्द की उत्पत्ति के बारे में

लैटिन भाषा के शब्द 'ह्यूमनस' से बना शब्द 'ह्यूमन' 1450 के दशक से इस्तेमाल में है। कैम्ब्रिज डिक्शनरी के अनुसार, इसका अर्थ है- ऐसे गुणों, कमियों और भावनाओं से युक्त होना, जो इंसानों में होती हैं। जो उन्हें देवताओं, जानवरों या मशीनों से अलग करती हैं। डिक्शनरी आमतौर पर किसी नए शब्द, प्रचलित बोलचाल के शब्द या ऐसे पुराने शब्द को वर्ष का शब्द चुनती हैं, जिसका अर्थ समय के साथ बदल गया हो।

पिछले कुछ वर्षों में कई प्रमुख शब्दकोशों के 'वर्ड ऑफ द ईयर' चयन में AI का प्रभाव प्रमुखता से दिखाई दिया है... 

  • कॉलिन्स डिक्शनरी ने 2023 में 'एआई' को वर्ष का शब्द चुना था।
  • इसी साल कैम्ब्रिज डिक्शनरी ने 'हैलुसिनेट' शब्द चुना था। यह शब्द एआई द्वारा मनगढ़ंत जानकारी प्रस्तुत करने की प्रवृत्ति को दर्शाता है।
  • मेरियम-वेबस्टर ने पिछले साल एआई द्वारा तैयार की गई घटिया गुणवत्ता वाली सामग्री के लिए इस्तेमाल होने वाले शब्द 'स्लॉप' को वर्ष का शब्द चुना था।
  • कॉलिन्स डिक्शनरी ने एआई की मदद से सॉफ्टवेयर विकसित करने की तकनीक 'वाइब कोडिंग' को यह सम्मान दिया था।

इंटरनेट वर्ल्ड से यह शब्द भी चुने गए

  • कॉलिन्स इंग्लिश डिक्शनरी ने 2026 के लिए "मॉगिंग" (किसी को पीछे छोड़ देना या उससे बेहतर प्रदर्शन करना) को चुना।
  • डिक्शनरी डॉट कॉम ने 2026 के लिए "मैक्सिंग" (किसी चीज को पूरी तरह से ऑप्टिमाइज करना या उसका अधिकतम लाभ उठाना) को चुना।
  • ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस ने ​​2025 के लिए रेज बेट (ऐसा कंटेंट जिसे लोगों में गुस्सा या आक्रोश भड़काने और एंगेजमेंट पाने के लिए बनाया गया हो) को चुना।

जानें कैसे चुने जातें हैं वर्ड ऑफ द इयर

इसके लिए ऐसा शब्द चुना जाता है जो उस साल की सबसे अहम चर्चाओं को दर्शाता हो। वर्ड ऑफ द ईयर का एकदम नया होना जरूरी नहीं है। इसे बीते समय के दौरान लोगों के मिजाज या भाषा में आए बदलावों को दर्शाना होता है। इसे चुनने के लिए शब्दों के इस्तेमाल और सर्च डेटा को उनकी सांस्कृतिक प्रासंगिकता के साथ मिलाते हैं।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts